बेटी की सगाई से पहले उजड़ गया परिवार; करंट लगने से किसान दंपती की मौत 1 नवंबर को होनी थी सगाई, खुशियों की तैयारी के बीच पसरा मातम; सुसरी गांव में शोक की लहर जलगांव, प्रतिनिधि : भुसावल तहसील के सुसरी शिवार में खेत में काम करते समय बिजली का करंट लगने से किसान दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सोमवार दोपहर हुआ। मृतकों की पहचान अशोक बाबूराव पाटील (55) और उनकी पत्नी सरिता अशोक पाटील (43), निवासी सुसरी, तहसील भुसावल, जिला जलगांव के रूप में हुई है। प्याज की फसल में खरपतवार निकालते समय खेत में गिरे बिजली के तार के संपर्क में आने से दोनों की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक पाटील और उनकी पत्नी सरिता पाटील सोमवार को रोजाना की तरह मजदूरों के साथ खेत में काम करने पहुंचे थे। प्याज की फसल में खरपतवार अधिक बढ़ जाने के कारण दोनों निराई के काम में जुटे थे। इसी दौरान अशोक पाटील का संपर्क खेत में नीचे गिरे बिजली के तार से हो गया और उन्हें जोरदार करंट लगा। पास में काम कर रही सरिता पाटील भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद दोनों को तत्काल वरनगांव ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से सुसरी क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है। खेत में बिजली का तार किस कारण नीचे गिरा, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। बेटी की सगाई की तैयारियों के बीच मातम पाटील परिवार में बेटी की सगाई को लेकर खुशियों का माहौल था। अशोक और सरिता पाटील की बेटी की सगाई आगामी 1 नवंबर को होने वाली थी। परिवार के सदस्य इस मांगलिक कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे हुए थे। लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बेटी के जीवन के महत्वपूर्ण अवसर से ठीक पहले उसके सिर से माता-पिता का साया उठ गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद सगाई की चहल-पहल होने वाली थी, वहां अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना से गांव के लोग भी गमगीन हैं और पाटील परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। पुलिस कर रही है हादसे की जांच इस मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अमितकुमार बागुल के मार्गदर्शन में पुलिसकर्मी सुखराम सावकारे कर रहे हैं। खेत में बिजली का तार किस वजह से नीचे गिरा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है। इस घटना के बाद सुसरी गांव में शोक का माहौल है। Post navigation एरंडोल और धरणगांव तहसील में मुख्य कार्यकारी अधिकारी करिश्मा नायर का दौरा खुले में कचरा फेंकने वालों पर लगेगा जुर्माना!