दिवाली में थम सकते हैं एसटी के पहिए; कर्मचारियों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

26 मांगों को लेकर 6 नवंबर की आधी रात से आंदोलन; यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका

जलगांव : दिवाली से ठीक पहले महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी महामंडल) की बस सेवा बाधित होने की आशंका पैदा हो गई है। लंबित मांगों को लेकर एसटी कर्मचारियों के संगठन ने 6 नवंबर की रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो त्योहार के दौरान यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

एसटी कर्मचारियों ने अपनी 26 मांगों को लेकर आंदोलन का रुख अपनाया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें सरकारी कर्मचारियों की तरह वेतनमान और सुविधाएं दी जाएं। इसके अलावा एसटी महामंडल के लिए बजट में पर्याप्त आर्थिक प्रावधान किया जाए तथा संशोधित दर से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता तत्काल लागू किया जाए।

कर्मचारियों ने दिवाली से पहले महंगाई भत्ते का बकाया भुगतान करने, अक्टूबर महीने का वेतन 5 नवंबर से पहले देने, कैशलेस मेडिक्लेम योजना लागू करने और अमानवीय कार्य घंटों पर रोक लगाने की मांग भी की है। इन मांगों सहित कुल 26 मांगों को लेकर हड़ताल की चेतावनी दी गई है।

दिवाली के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने गांवों और परिवारों के पास जाने के लिए एसटी बसों का सहारा लेते हैं। ऐसे में यदि बस सेवा बंद होती है, तो नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को काफी परेशानी हो सकती है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर क्या निर्णय लेती है और दिवाली के दौरान एसटी बस सेवा सुचारु रहती है या नहीं।

Don`t copy text!