12 घंटे में  चोरी का खुलासा, नागपुर से तीन अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

जलगांव स्थानीय अपराध शाखा की बड़ी सफलता

जलगांव : स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भुसावल में हुई लाखों रुपये की घरफोड़ चोरी का मात्र 12 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने नागपुर से तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया करीब 16.34 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी के आभूषण तथा नकदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को एक शिकायतकर्ता ने भुसावल बाजारपेठ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 मई 2026 को वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर भुसावल बाजारपेठ पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 286/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(अ), 339(3) एवं 331(4) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे ने स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड को समानांतर जांच कर जल्द से जल्द अपराध का खुलासा करने के निर्देश दिए। इसके बाद एलसीबी की विभिन्न टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तथा तकनीकी विश्लेषण किया। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि मामले में शामिल आरोपी नागपुर में मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि होने पर नागपुर पुलिस की सहायता से तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू जसपाल सिंह (42 वर्ष, निवासी हरियाणा), भोला उर्फ बिरेंद्र सुखदेव पासवान (40 वर्ष, निवासी बिहार) तथा राजेश पारस शाह (52 वर्ष, निवासी बिहार) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके पास से चोरी गया कुल 16 लाख 34 हजार रुपये मूल्य का सोने-चांदी का सामान और नकदी बरामद कर ली है। मामले की आगे की जांच भुसावल बाजारपेठ पुलिस थाना कर रहा है।

यह उल्लेखनीय कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित तथा भुसावल उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक शरद बागल, सहायक पुलिस निरीक्षक गोपाल गव्हाणे, उमाकांत पाटील, विकास सातदिवे, प्रशांत परदेशी तथा राहुल वानखेडे सहित पुलिस दल के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस विभाग ने टीम की इस उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्यवाही की सराहना की है।

Don`t copy text!