किनगांव पथसंचलन पथराव मामला: दोषियों को तुरंत जिला बदर करें – किरीट सोमैया

पुलिस पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण; 57 लोगों पर मामला दर्ज, 17 गिरफ्तार होने पर पुलिस की सराहना

जलगांव, प्रतिनिधि : यावल तहसील के किनगांव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथसंचलन और पुलिस पर हुई पत्थरबाजी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कुछ असामाजिक तत्व एक बार फिर आतंक फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। यह गंभीर आरोप पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने लगाया। वे मंगलवार को जलगांव में आयोजित पत्रकार परिषद में बोल रहे थे।

किनगांव की घटना में शामिल दोषियों को तत्काल जिला बदर करने के आदेश दिए जाने की मांग किरीट सोमैया ने की। उन्होंने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

सोमैया ने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर कई वर्षों बाद पुलिस की ओर से पथसंचलन की अनुमति दी गई थी। इस मामले में जलगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 57 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, जबकि 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।

उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समय में राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।

पत्रकार परिषद में विधायक अमोल जावले, महापौर दीपमाला काले, भाजपा के पश्चिम जिला अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रकांत बाविस्कर, महानगर जिला अध्यक्ष दीपक सूर्यवंशी, जिला पदाधिकारी डॉ. केतकी पाटील और पार्षद अरविंद देशमुख सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Don`t copy text!