जलगांव बस स्टैंड पर महिला यात्रियों के गहनों पर हाथ साफ करने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार जिल्हापेठ पुलिस की कार्रवाई; 1.05 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद जलगांव, प्रतिनिधि : जलगांव शहर के नए बस स्टैंड पर भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों के सोने के आभूषण चोरी करने वाली दो शातिर महिला आरोपियों को जिल्हापेठ पुलिस ने हिरासत में लिया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान उषा चंदन ससाणे (48), निवासी नारायणवाड़ी, इंदिरानगर, तहसील चालीसगांव, हाल निवासी हरिविठ्ठल नगर, जलगांव तथा अनिता विजय ससाणे (35), निवासी राजीव गांधी नगर, वाघ नगर, जलगांव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 1 लाख 5 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गहने चोरी 18 जुलाई 2026 को शाम करीब 4.30 बजे नया बस स्टैंड, जलगांव में जलगांव से चालीसगांव जाने वाली बस में चढ़ते समय शिकायतकर्ता की गर्दन से अज्ञात चोर ने करीब 10 ग्राम वजन का सोने का मणि मंगलसूत्र तथा कानों के सोने के टॉगल चोरी कर लिए थे। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 45 हजार रुपये थी। इस मामले में 20 जुलाई 2026 को जिल्हापेठ पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 226/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत धिवरे ने जिल्हापेठ पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल वाघ को आरोपियों की तलाश कर चोरी का माल बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद अनिल वाघ ने अपराध जांच दल का विशेष पथक गठित किया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। साथ ही गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों महिला आरोपियों को हिरासत में लिया। देवरानी-जेठानी निकलीं आरोपी पूछताछ में दोनों महिलाएं देवरानी-जेठानी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, गहन पूछताछ में दोनों ने जिल्हापेठ पुलिस थाने के अपराध क्रमांक 226/2026, 173/2026 और 212/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध करने की बात कबूल की है। 1 लाख 5 हजार रुपये के सोने के आभूषण बरामद पुलिस ने पंचों के समक्ष कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों से निम्न सोने के आभूषण बरामद किए— करीब 45 हजार रुपये कीमत की 8 से 9 ग्राम वजन की सोने की मणियों वाली पोत तथा करीब 4 ग्राम वजन का सोने का टॉगल। करीब 15 हजार रुपये कीमत की 4 से 5 ग्राम वजन की सोने की मणियों वाली पोत। करीब 45 हजार रुपये कीमत की 7 से 8 ग्राम वजन की सोने की मणियों वाली पोत। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 लाख 5 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले पुलिस द्वारा आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर अमलनेर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 236/2026, भादंवि धारा 379 तथा जलगांव शहर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 80/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों महिलाओं ने अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है। इस दिशा में आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम की उल्लेखनीय कार्रवाई कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक श्री संदीप गावीत तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री नितीन गणपुरे के मार्गदर्शन में और सहायक पुलिस निरीक्षक तथा प्रभारी अधिकारी श्री अनिल वाघ के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पोहवा गणेश शिरसाळे, पोहवा नरेश सोनवणे, पोहवा महेंद्र पाटील, पोहवा किरण वानखेडे, तेजस मराठे, पुलिस कॉन्स्टेबल कमलाकर बडगुजर, प्रशांत सैंदाणे, अजय अहिरे, पुलिस कॉन्स्टेबल अजय सपकाळे, पुलिस कॉन्स्टेबल नरेंद्र दिवेकर, महिला पुलिस कॉन्स्टेबल वैशाली सोनवणे, महिला पुलिस कॉन्स्टेबल सुषमा ढमढेरे तथा नेत्रम शाखा के पुलिस कॉन्स्टेबल मुबारक देशमुख और पुलिस नाईक रुस्तम तडवी ने सहभाग लिया। मामले की आगे की जांच पुलिस नाईक/1078 संतोष सोनवणे, जिल्हापेठ पुलिस थाना कर रहे हैं। Post navigation गोलाणी मार्केट में स्वच्छता अभियान; अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी कांवड़ यात्रा को लगा ग्रहण; आयशर की टक्कर से 10 वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत