गोलाणी मार्केट में स्वच्छता अभियान; अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी बकाया किराया नहीं भरने पर दुकानें सील होंगी; दुकानों के सामने बने चबूतरे, अवैध बोर्ड और फ्लेक्स हटाने के निर्देश जलगांव | प्रतिनिधि : शहर के गोलाणी मार्केट परिसर में रविवार सुबह स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जलगांव शहर महानगरपालिका के आयुक्त आदित्य जीवने (भा.प्र.से.) ने पूरे मार्केट परिसर का निरीक्षण कर स्वच्छता, अतिक्रमण और दुकानदारों की विभिन्न समस्याओं का जायजा लिया। मार्केट परिसर में बढ़ते अतिक्रमण, दुकानों के सामने बने चबूतरों, अनधिकृत बोर्ड और फ्लेक्स के कारण हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए संबंधितों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए। बकाया राशि नहीं भरने पर दुकानें होंगी सील गोलाणी मार्केट के जिन दुकानदारों पर महानगरपालिका का किराया अथवा अन्य वसूली की राशि बकाया है, उन्हें जल्द से जल्द राशि जमा करने के निर्देश आयुक्त ने दिए। बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार दुकानें सील करने की कार्रवाई की जाएगी, ऐसी चेतावनी भी उन्होंने दी। केबल वायर और अनावश्यक सामान हटाने के निर्देश मार्केट परिसर में विभिन्न स्थानों पर लगी केबल वायर तथा सार्वजनिक जगहों पर रखे अनावश्यक सामान के कारण नागरिकों और ग्राहकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए इन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसा आयुक्त ने स्पष्ट किया। कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना गोलाणी मार्केट परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक दुकानदार को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। दुकान के सामने अथवा परिसर में कचरा फेंकने वाले दुकानदारों के खिलाफ ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता केवल महानगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि व्यापारियों और नागरिकों की भी इसमें सक्रिय भागीदारी आवश्यक है, ऐसा आयुक्त ने कहा। गोलाणी मार्केट परिसर में स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने, बकाया वसूली और सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त करने के काम को प्राथमिकता दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ऐसा आयुक्त आदित्य जीवने (भा.प्र.से.) ने स्पष्ट किया। Post navigation जलगांव के महफिल रेस्टो बार में लगी आग; हजारों का नुकसान जलगांव बस स्टैंड पर महिला यात्रियों के गहनों पर हाथ साफ करने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार