सूखे की आशंका के बीच जलगांव जिला प्रशासन अलर्ट; मजदूरों को रोजगार देने की तैयारी तेज

वी.बी.जी. रामजी योजना के तहत 72 हजार कार्य शुरू होंगे, मनरेगा के 48 हजार अधूरे कार्य भी रहेंगे जारी

जलगांव, 23 अक्टूबर (प्रतिनिधि) : जिले में सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न उपाययोजनाएं शुरू की हैं। जिलाधिकारी रोहन घुगे के मार्गदर्शन में रोजगार गारंटी योजना, जल संरक्षण और चारे की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए नियोजन किया जा रहा है।

वी.बी.जी. रामजी योजना के तहत शेल्फ पर उपलब्ध 72 हजार कार्य शुरू किए जा रहे हैं। इन कार्यों के माध्यम से 94 लाख मानव दिवस रोजगार सृजन की क्षमता उपलब्ध होगी। इसके साथ ही पूर्व की मनरेगा योजना के अंतर्गत अधूरे पड़े 48 हजार कार्य भी जारी रखे जाएंगे। इन कार्यों से 86 लाख मानव दिवस रोजगार सृजन की क्षमता उपलब्ध होगी। इसके अलावा भविष्य में किए जाने वाले कार्यों की योजना के लिए युक्तधारा पोर्टल पर 80 हजार कार्य अपलोड किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। यह जानकारी उपजिलाधिकारी (रोहयो) मंजुषा घाटगे ने दी।

काम की मांग दर्ज कराने के लिए हेल्पडेस्क

मजदूरों को काम की मांग आसानी से दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय और तहसील कार्यालय स्तर पर हेल्पडेस्क शुरू किए जाएंगे। जिलाधिकारी कार्यालय की आपदा प्रबंधन शाखा के दूरभाष नंबर तथा तहसील कार्यालयों के संपर्क नंबर गांव-गांव तक उपलब्ध कराए जाएंगे। मजदूर इन नंबरों पर संपर्क कर काम की मांग दर्ज करा सकेंगे। फोन के माध्यम से प्राप्त मांगों का पंजीकरण कर संबंधित विभागों के जरिए रोजगार उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, रोजगार गारंटी योजना शाखा के कर्मचारी कार्यालयीन समय में काम की मांग दर्ज करने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

काम की मांग दर्ज कराने के लिए संपर्क नंबर : 0257-2217193 / 0257-2223180

सूखे जैसी स्थिति में ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने, जल संरक्षण के कार्यों को गति देने तथा भविष्य में पानी और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। प्रशासन ने मजदूरों से अपील की है कि वे दिए गए संपर्क नंबरों पर काम की मांग दर्ज कराकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं।

Don`t copy text!