आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश से प्रभावित किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने अधिकारियों को दिए निर्देश, फसल बीमा दावों की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर जलगांव, प्रतिनिधि। जिले में जून माह के पहले सप्ताह में आई तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश के कारण अनेक किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। विशेष रूप से फसल बीमा करवाने वाले किसानों को अपने नुकसान की जानकारी बीमा कंपनी तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने जिला कलेक्ट्रेट में बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारी, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तथा दूरभाष के माध्यम से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। रक्षा खडसे ने निर्देश दिए कि प्रभावित किसान अपने फसल नुकसान की जानकारी तत्काल ऑनलाइन माध्यम से दर्ज कराएं, ताकि बीमा दावे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि जिन किसानों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने में परेशानी हो रही है, वे अपने क्षेत्र के बीमा प्रतिनिधि अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन द्वारा ऐसे किसानों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। बैठक में उन मामलों की भी समीक्षा की गई, जिनमें फसल बीमा के लिए दर्ज क्षेत्रफल वास्तविक क्षेत्र से कम दर्शाया गया है या किसी कारणवश बीमा आवेदन निरस्त हो गए हैं। ऐसे मामलों में वास्तविक स्थिति के आधार पर पंचनामा कर सही क्षेत्रफल को मान्यता देने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने जिले के सभी फसल बीमा धारक किसानों से अपील की है कि वे बिना विलंब अपने नुकसान की जानकारी संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें समय पर बीमा योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। Post navigation जलगांव जनता सहकारी बैंक ने घोषित किया 10 प्रतिशत लाभांश केले और कपास उत्पादक किसानों के लिए विशेष ‘खानदेश पैकेज’ घोषित किया जाए