पुणे शराब कांड के बाद अमलनेर-पारोला में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई अवैध देसी शराब भट्टियों पर छापे, करीब 3.77 लाख रुपये का माल जब्त अमलनेर | प्रतिनिधि पुणे में हाल ही में सामने आए शराब कांड के बाद राज्य आबकारी विभाग ने जळगांव जिले के अमलनेर और पारोला तहसील में अवैध शराब निर्माण एवं तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अमलनेर तहसील के गांधली और नांदेड तथा पारोला तहसील के चिखलोद और शेडावे क्षेत्रों में चल रही अवैध हाथभट्टी शराब निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा ताड़ी की अवैध ढुलाई के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान महाराष्ट्र निषेध अधिनियम, 1949 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। छापेमारी में 6,060 लीटर रासायनिक मिश्रण, 194 लीटर ताड़ी, 100 लीटर देसी शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3 लाख 76 हजार 940 रुपये बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार जब्त किया गया रासायनिक मिश्रण मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक था और परिवहन योग्य नहीं होने के कारण उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग ने कहा कि अवैध शराब निर्माण और बिक्री महाराष्ट्र निषेध कानून के तहत दंडनीय अपराध है तथा ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाती है। कार्रवाई के बाद संबंधित आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई जळगांव जिला राज्य आबकारी विभाग के अधीक्षक व्ही. टी. भुकन के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में चोपड़ा विभाग के निरीक्षक कय्यूम मोमीन, पारोला विभाग के निरीक्षक आर. के. फुसे, अमलनेर विभाग के निरीक्षक गोपाल मोरे तथा जवान डी. एन. पाटील, शशिकांत पाटील और भूषण परदेशी शामिल रहे। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक गोपाल मोरे कर रहे हैं। Post navigation पीडब्ल्यूडी के सुस्त रवैये पर मेयर दीपमाला काले नाराज, गैरहाजिर अधिकारियों को फोन पर लगाई फटकार चोपड़ा क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई