पीडब्ल्यूडी के सुस्त रवैये पर मेयर दीपमाला काले नाराज, गैरहाजिर अधिकारियों को फोन पर लगाई फटकार

रिंग रोड के सड़क कार्यों को लेकर मेयर का कड़ा रुख, जल्द काम पूरा करने के निर्देश

जलगांव | प्रतिनिधि

शहर के रिंग रोड क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति को लेकर महापौर दीपमाला काले ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) पर नाराजगी जताई है। गुरुवार (4 जून) को किए गए निरीक्षण दौरे के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौके पर अनुपस्थित पाए गए, जिससे नाराज महापौर ने उन्हें सीधे फोन कर कड़ी फटकार लगाई।

महापौर दीपमाला काले ने अपने प्रभाग के अंतर्गत बहिणाबाई उद्यान से पीयूष हॉस्पिटल तक चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य में आ रही अड़चनें तथा भूमिगत नाली (अंडरग्राउंड ड्रेनेज) परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के समय नगरसेवक दीपक सूर्यवंशी, नगरसेविका एड. शुचिता हाडा, प्रभारी शहर अभियंता आर. टी. पाटील, अभियंता विशाल सुर्वे तथा दुर्गेश सैंदाणे उपस्थित थे।

महानगरपालिका सीमा के अंतर्गत बहिणाबाई उद्यान से एलआईसी कॉलोनी स्थित पुल तक सड़क निर्माण का कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग को सौंपा गया है। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार ने भूमिगत नाली का कार्य अधूरा होने के कारण सड़क निर्माण प्रभावित होने की बात कही। हालांकि, ड्रेनेज कार्य करने वाले दूसरे ठेकेदार ने अपना काम पूर्ण होने के प्रमाण प्रस्तुत किए।

दोनों ठेकेदारों द्वारा एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने से महापौर का गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने सड़क निर्माण एजेंसी को बिना किसी बहाने और देरी के जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही, टालमटोल और अधिकारियों की गैरहाजिरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

Don`t copy text!