जलगांव जिला परिषद सीईओ करिश्मा नायर ने कानलदा में स्कूल, आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

सड़क कंक्रीटीकरण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करने के निर्देश

जलगांव,  (प्रतिनिधि): जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) करिश्मा नायर ने जिले के विभिन्न जिला परिषद संस्थानों के निरीक्षण का अभियान जारी रखा है। बुधवार को उन्होंने जालगांव तहसील के कानलदा गांव स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, आंगनवाड़ी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

कानलदा में एकल महिलाओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीईओ करिश्मा नायर ने जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से संवाद किया। छात्रों से अक्षर पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।

सीईओ पदभार संभालने के बाद से करिश्मा नायर जिले की जिला परिषद स्कूलों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम पंचायतों और आंगनवाड़ियों का नियमित दौरा कर वहां उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं और कार्यप्रणाली की प्रत्यक्ष समीक्षा कर रही हैं।

इसके बाद उन्होंने कानलदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और वहां की स्वच्छता व्यवस्था, दवा भंडार तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित आशा कार्यकर्ताओं से संवाद कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा की।

इस दौरान करिश्मा नायर ने आव्हाणे फाटा से आव्हाणे गांव तक चल रहे सड़क कंक्रीटीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता उच्च स्तर पर बनाए रखने तथा कार्य में किसी भी प्रकार का समझौता न करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जालगांव के समूह विकास अधिकारी सी. ए. बोढरे, शाखा अभियंता सतीश शिसोदे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Don`t copy text!