चाळीसगाव में खाकी का ‘सुबह-सुबह प्रहार’! 44 अपराधी हिरासत में, ‘ऑडी’ समेत 39 लाख की 3 लग्जरी कारें जब्त

चाळीसगाव | विशेष संवाददाता

जलगांव जिले में अपराध पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने आक्रामक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत बुधवार तड़के चाळीसगाव शहर पुलिस थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ‘कॉम्बिंग ऑपरेशन’ चलाया गया। सुबह 2 बजे से 7 बजे तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने 44 संदिग्धों को हिरासत में लिया तथा करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 3 लग्जरी कारें जब्त कीं।

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस की कई टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान रिकॉर्ड पर मौजूद 80 से अधिक आदतन अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के घरों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने पर 44 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पुलिस थाने लाया गया।

अभियान के दौरान अवैध हथियार रखने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मामले दर्ज किए गए। वहीं, मुंबई पुलिस अधिनियम की धारा 124 के तहत संदिग्ध पाए जाने पर तीन वाहनों को डिटेन किया गया। जब्त वाहनों में एक ऑडी (Audi), एक वरना (Verna) और एक वैगनआर (WagonR) शामिल है। इन वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई का नागरिकों ने भी स्वागत किया है।

Don`t copy text!