टीम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारिता जगत के सम्मान की रक्षा करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके बावजूद सांसद संजय दिना पाटिल द्वारा पत्रकारों के प्रति कथित रूप से इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक एवं अपमानजनक भाषा की गर्जना महाराष्ट्र ग्रामीण पत्रकार संघ ने कड़ी निंदा की है। इस बयान के विरोध में संघ के पदाधिकारियों ने जळगांव में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सांसद के खिलाफ उचित कार्रवाई तथा सार्वजनिक माफी की मांग की है। बताया गया है कि 25 जून को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद संजय दिना पाटिल ने पत्रकारों के संबंध में कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इस बयान से पत्रकार समुदाय में रोष व्याप्त है और इसे पत्रकारों के सम्मान पर सीधा आघात माना जा रहा है। संघ का आरोप है कि यह वक्तव्य अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, पत्रकारों के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। पत्रकार सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। वे कठिन परिस्थितियों में भी जनसमस्याओं और जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का दायित्व निभाते हैं। ऐसे में किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि द्वारा पत्रकारों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। गर्जना महाराष्ट्र ग्रामीण पत्रकार संघ, जळगांव जिला इकाई ने सांसद संजय दिना पाटिल के बयान का सार्वजनिक रूप से विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। संघ ने सांसद के खिलाफ कानूनी एवं उचित कार्रवाई करने, पत्रकारों से सार्वजनिक माफी मांगने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष नरेंद्र कदम, संस्थापक सचिव भगवान सोनार, संस्थापक कोषाध्यक्ष ललित खरे, जिला अध्यक्ष चेतन वाणी, जिला कार्याध्यक्ष हेमंत पाटील, शहर अध्यक्ष जितेंद्र कोतवाल सहित मनिष जोग, नरेंद्र पाटील, किशोर पाटील, योगेश सुने, पवन खंबायत, योगेश चौधरी, धर्मेंद्र राजपूत, संदीप वानखेडे, निखिल वाणी, विकास पात्रे, नाजनिन शेख, कल्पेश हिरवळकर, जगमोहनसिंह ठाकुर तथा जळगांव जिले के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे। Post navigation जलगांव पुलिस की विशेष मुहिम : स्कूली छात्रों की सुरक्षा के लिए चालकां की अचानक ब्रेथ एनालाइजर जांच सांसद संजय दिना पाटिल के आपत्तिजनक बयान का जळगांव में तीव्र विरोध