सांसद संजय दिना पाटिल के आपत्तिजनक बयान का जळगांव में तीव्र विरोध

गर्जना महाराष्ट्र ग्रामीण पत्रकार संघटना ने सार्वजनिक माफी और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जळगांव (प्रतिनिधि) : लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारिता जगत का सम्मान बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की नैतिक जिम्मेदारी है। इसके बावजूद सांसद संजय दिना पाटिल द्वारा पत्रकारों के प्रति कथित रूप से इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक एवं अपमानजनक भाषा की गर्जना महाराष्ट्र ग्रामीण पत्रकार संघटना ने कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन की ओर से जळगांव में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है।

संगठन के अनुसार, 25 जून को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सांसद संजय दिना पाटिल ने पत्रकारों के संबंध में कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इस बयान से पत्रकार समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। संगठन का कहना है कि यह घटना पत्रकारों के सम्मान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा

ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे कठिन परिस्थितियों में भी जनता की समस्याओं और मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा से करते हैं। ऐसे में किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि द्वारा पत्रकारों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और लोकतंत्र की गरिमा के विपरीत है।

गर्जना महाराष्ट्र ग्रामीण पत्रकार संघटना, जळगांव जिला की ओर से सांसद संजय दिना पाटिल के कथित बयान की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। संगठन ने मांग की है कि संबंधित सांसद के विरुद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, वे पत्रकारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएं।

इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष नरेंद्र कदम, संस्थापक सचिव भगवान सोनार, संस्थापक कोषाध्यक्ष ललित खरे, जळगांव जिला अध्यक्ष चेतन वाणी, जिला कार्याध्यक्ष हेमंत पाटिल, जळगांव शहर अध्यक्ष जितेंद्र कोतवाल तथा पत्रकार मनीष जोग, नरेंद्र पाटिल, किशोर पाटिल, योगेश सुने, पवन खंबायत, योगेश चौधरी, धर्मेंद्र राजपूत, संदीप वानखेडे, निखिल वाणी, विकास पात्रे, नाजनीन शेख, कल्पेश हिरवळकर, जगमोहन सिंह ठाकुर सहित जळगांव जिले के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Don`t copy text!