पत्रकारों को धमकी देने के मामले में नशिराबाद पत्रकार संघ आक्रोशित; सांसद संजय दिना पाटिल पर सख्त कार्रवाई की मांग नशिराबाद (संवाददाता): पत्रकारों के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने की घटना के विरोध में नशिराबाद पत्रकार संघ ने शुक्रवार को नशिराबाद पुलिस थाने में सहायक पुलिस निरीक्षक योगिता नारखेड़े को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सांसद संजय दीना पाटिल के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज की घटनाओं को निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना, गाली-गलौज करना तथा जान से मारने की धमकी देना न केवल पत्रकारों का अपमान है, बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला भी है। पत्रकार संघ ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन इस प्रकार का व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। पत्रकारों को धमकाकर उनकी आवाज दबाने का कोई भी प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए घातक है और ऐसी प्रवृत्तियों पर समय रहते रोक लगाई जानी चाहिए। संघ ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही भविष्य में पत्रकारों के साथ इस प्रकार की धमकी और दबाव की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए कड़ा संदेश देने वाली कार्रवाई की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। सहायक पुलिस निरीक्षक योगिता नारखेड़े ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि इसे वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर नशिराबाद पत्रकार संघ के सुनील भावसार, प्रो. विश्वनाथ महाजन, चंदन पाटिल, हरीश पाटिल, सुनील महाजन, सागर मोरे सहित संघ के अन्य पत्रकार उपस्थित थे। Post navigation 1 जुलाई से बदल जाएगा पासपोर्ट का नियम! विदेश यात्रा की तैयारी है तो पहले यह खबर जरूर पढ़ें… आंतों में जानलेवा मरोड़; समय पर सर्जरी से 78 वर्षीय बुजुर्ग को मिला नया जीवन