आंतों में जानलेवा मरोड़; समय पर सर्जरी से 78 वर्षीय बुजुर्ग को मिला नया जीवन समय पर जांच और सफल ऑपरेशन से टला बड़ा खतरा जलगांव: तेज पेट दर्द, पेट में अत्यधिक सूजन और कई दिनों तक शौच न होने जैसी गंभीर समस्या से पीड़ित 78 वर्षीय बुजुर्ग की जान समय पर किए गए सफल ऑपरेशन से बच गई। बड़ी आंत में पड़े खतरनाक मरोड़ (सिग्मॉइड वॉल्वुलस) की समय रहते पहचान कर शल्य चिकित्सकों ने सफल सर्जरी की, जिससे मरीज को नया जीवन मिला। जानकारी के अनुसार, मलकापुर निवासी 78 वर्षीय लक्ष्मण पाटिल पिछले कुछ दिनों से पेट दर्द से परेशान थे। धीरे-धीरे उनका पेट काफी फूल गया और शौच पूरी तरह बंद हो गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उन्हें तत्काल डॉ. उल्हास पाटिल मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में शल्य चिकित्सक डॉ. चैतन्य पाटिल ने मरीज की स्थिति का गहन परीक्षण किया और तत्काल सीटी स्कैन कराने का निर्णय लिया। जांच में बड़ी आंत के सिग्मॉइड भाग में मरोड़ (सिग्मॉइड वॉल्वुलस) होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के अनुसार, इस बीमारी में आंत अपने ही चारों ओर मुड़ जाती है, जिससे भोजन, गैस और मल का रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। यदि समय पर उपचार न मिले तो आंत में रक्त संचार रुक सकता है, आंत खराब हो सकती है और मरीज की जान भी जा सकती है। रोग की पुष्टि होते ही डॉ. चैतन्य पाटिल, डॉ. प्रज्योत कदम और डॉ. आदित्य पाटिल की टीम ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सर्जरी के दौरान आंत में पड़ा मरोड़ सफलतापूर्वक हटाया गया तथा आवश्यक चिकित्सीय उपचार किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत में तेजी से सुधार हुआ है और फिलहाल वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर जांच और त्वरित शल्य चिकित्सा के कारण एक बड़ा खतरा टल गया। Post navigation पत्रकारों को धमकी देने के मामले में नशिराबाद पत्रकार संघ आक्रोशित; सांसद संजय दिना पाटिल पर सख्त कार्रवाई की मांग डॉ. गुणवंतराव सरोदे आयुर्वेद महाविद्यालय का 99 प्रतिशत परिणाम