ट्रक चालक हत्याकांड के संदिग्ध आरोपी को रावेर से किया गिरफ्तार

गला घोंटकर हत्या के बाद ट्रक में आग लगाने का संदेह; रावेर पुलिस की कुछ ही घंटों में बड़ी कार्रवाई

जलगांव/रावेर : अमरावती ग्रामीण जिले के मोर्शी थाना क्षेत्र में ट्रक चालक की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक संदिग्ध आरोपी को रावेर पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से ट्रक में आग लगा दी गई।

जानकारी के अनुसार, अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से सूचना मिलने के बाद जळगांव पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रावेर पुलिस ने तत्काल विशेष खोज अभियान शुरू किया। पुलिस के पास संदिग्ध का केवल एक धुंधला फोटो होने के बावजूद टीम ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया और उसे रावेर से हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान मनप्रीत सिंह कश्मीर सिंह रंधावा (48), निवासी गांव मंध्रवाला, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आर्थिक विवाद के चलते ट्रक चालक की हत्या किए जाने तथा बाद में ट्रक में आग लगाकर सबूत नष्ट करने का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है।

आरोपी के कब्जे से पंजाब नंबर का आयशर ट्रक (PB-02-EW-4299) भी जब्त किया गया है। मामले की आगे की जांच अमरावती ग्रामीण पुलिस कर रही है तथा आरोपी को अपने कब्जे में लेने के लिए उनकी टीम जळगांव पहुंच रही है।

रावेर पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते गंभीर अपराध के संदिग्ध आरोपी को फरार होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी सराहना की जा रही है।

Don`t copy text!