तिरंगे के अपमान पर सै. नियाज अली भैय्या फाउंडेशन का आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग

जलगांव | प्रतिनिधि

अमेरिका में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के कथित अपमान की घटना के विरोध में सै. नियाज अली भैय्या फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को जिलाधिकारी, जलगांव के माध्यम से भारत सरकार को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि भारत ने सदैव अपनी महान संस्कृति और परंपराओं का पालन करते हुए सभी देशों और उनके नागरिकों का सम्मान किया है। भारतीयों ने कभी किसी अन्य देश के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान नहीं किया, बल्कि हमेशा सम्मान ही दिया है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अमेरिका में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक स्थान पर भारतीय तिरंगे को फाड़कर जमीन पर फेंकने और उसका अपमान करने की घटना अत्यंत निंदनीय है। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कृत्य केवल राष्ट्रीय ध्वज का ही नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान और तिरंगे की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों का भी अपमान है। इस घटना से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं।

फाउंडेशन ने भारत सरकार से इस मामले को गंभीरता से उठाने तथा अमेरिकी प्रशासन के समक्ष भारतीय नागरिकों की भावनाएं रखने की मांग की। साथ ही दोषी के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्यों ने “तिरंगे का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “हमसे जो टकराएगा, वह मिट्टी में मिल जाएगा” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।

ज्ञापन सौंपते समय सै. अयाज अली नियाज अली, हाजी शकूर बादशाह, सय्यद जावेद, शफी ठेकेदार, सय्यद उमर, कामील खान, शफीक अहमद सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

 

Don`t copy text!