विकसित भारत रोजगार योजना’ के अंतर्गत 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित

गांधी तीर्थ, जलगांव में विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम; लाभार्थियों को नियुक्ति पत्रों का वितरण

जलगांव, 20 जून (प्रतिनिधि): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के अंतर्गत देशभर के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का देशभर के 200 से अधिक केंद्रों पर सीधा प्रसारण किया गया। इसी क्रम में जलगांव के गांधी तीर्थ स्थित कस्तूरबा सभागार में एक विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1, नासिक अतुल कोतकर के मार्गदर्शन में किया गया।

इस कार्यक्रम में जलगांव की सांसद स्मिता वाघ, विधायक राजू मामा भोळे, जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन, भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोळी, सहायक भविष्य निधि आयुक्त मोहित दीक्षित, जलगांव पीएफ कार्यालय के दीपक चौधरी सहित जिले के विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, नियोक्ता एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी दिल्ली से शामिल हुए।

देशभर के 200 से अधिक केंद्रों से वर्चुअल संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत रोजगार योजना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पहली नौकरी पाने वाले युवाओं की आकांक्षाओं को सशक्त बनाने तथा उद्योग और कार्यबल के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह योजना कर्मचारियों और नियोक्ताओं दोनों को प्रोत्साहन प्रदान करती है तथा रोजगार सृजन को एक राष्ट्रीय अभियान का स्वरूप देने का प्रयास है।

योजना की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि अब तक देश में लगभग 70 लाख नए रोजगार सृजित किए जा चुके हैं तथा इतनी ही संख्या में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है। इनमें से लगभग 20 लाख युवाओं ने अपनी पहली नौकरी में छह माह का कार्यकाल पूरा कर लिया है और करीब 10 लाख लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है। अब तक 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि युवाओं के परिश्रम का सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य पर देश के विश्वास का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व के सबसे युवा देशों में से एक है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले 12 वर्षों में आधारभूत संरचना, विनिर्माण क्षेत्र, डिजिटल अर्थव्यवस्था, नवाचार, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘वोकल फॉर लोकल’, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास तथा ‘मिशन मैन्युफैक्चरिंग’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

जलगांव में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। लाभार्थी कर्मचारी पूजा धनगर और नियोक्ता प्रमोद पाटील ने अपने अनुभव साझा किए। जैन इरिगेशन के अध्यक्ष अशोक जैन ने उद्योग क्षेत्र की ओर से अपने विचार व्यक्त किए। सांसद स्मिता वाघ ने विकसित भारत रोजगार योजना के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच को रेखांकित किया, जबकि विधायक राजू मामा भोळे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोळी ने कर्मचारी भविष्य निधि योजना की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों में नियुक्त हुए कर्मचारियों को गणमान्य अतिथियों के हाथों नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन ज्ञानेश्वर शेंडे एवं नितीन चोपड़ा ने किया।

Don`t copy text!