“आवारा कुत्तों को पकड़कर अधिकारियों के घर छोड़ देंगे”; पार्षद अरविंद देशमुख की चेतावनी

आवारा कुत्तों के मुद्दे पर स्थायी समिति की बैठक में हंगामा, प्रशासन पर जमकर बरसे जनप्रतिनिधि

जलगांव, प्रतिनिधि : शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर सोमवार को महानगरपालिका की स्थायी समिति की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। पार्षद अरविंद देशमुख और सुरेश सोनवणे ने प्रशासन को घेरते हुए इस मुद्दे पर तीखी नाराजगी व्यक्त की।

स्थायी समिति की बैठक सभापति डॉ. चंद्रशेखर पाटील की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त आदित्य जीवने, अतिरिक्त आयुक्त शोभा बाविस्कर, नगर सचिव सतीश शुक्ला, उपायुक्त निर्मला गायकवाड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान पार्षद सुरेश सोनवणे ने पिंप्राळा क्षेत्र में कुत्ते के काटने से 27 वर्षीय युवक की मौत का मुद्दा उठाया। इस पर पार्षद अरविंद देशमुख ने कहा कि शहर में प्रतिदिन 20 से 22 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं और जीएमसी में हर महीने लगभग 300 मामले दर्ज हो रहे हैं, फिर भी प्रशासन गंभीर नहीं है।

देशमुख ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कुत्तों के हमले में किसी और की मौत होती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग की जाएगी। उन्होंने तत्काल दस कर्मचारियों की नियुक्ति कर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मुहिम चलाने की मांग भी की।

उपायुक्त निर्मला गायकवाड़ ने बताया कि 100 कुत्तों के लिए शेल्टर बनाने की निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और नई एजेंसी नियुक्त की जा रही है। हालांकि, इससे जनप्रतिनिधि संतुष्ट नहीं हुए।

इस दौरान पार्षद अरविंद देशमुख ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यदि आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो हम खुद कुत्तों को पकड़कर अधिकारियों के घर छोड़ देंगे।”

बैठक में सभापति डॉ. चंद्रशेखर पाटील ने स्वास्थ्य विभाग के खर्च और कार्यप्रणाली की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

Don`t copy text!