दापोरा में रेत माफियाओं का आतंक: ग्रामीणों पर हथियारों से हमला, 6 डंपर जब्त
अवैध रेत खनन रोकने पहुंचे ग्रामीणों पर तलवार और चॉपर से हमला; प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवाल

जलगांव | प्रतिनिधि

जलगांव जिले के दापोरा क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ ग्रामीणों के विरोध के दौरान रेत माफियाओं द्वारा हथियारों के साथ हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गिरणा नदी के पात्र से हो रहे अवैध रेत उत्खनन को रोकने पहुंचे ग्रामीणों पर कथित तौर पर तलवार, कुल्हाड़ी और चॉपर लेकर हमला किया गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रेत से भरे डंपरों को रोककर जमकर पथराव किया।

यह घटना 2 जून की रात दापोरा गांव के समीप गिरणा नदी क्षेत्र में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान छह डंपरों को जब्त किया गया है तथा संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कार को टक्कर मारने से भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11:30 बजे अवैध रेत परिवहन कर रहे एक डंपर ने दापोरा के एक नागरिक की कार को टक्कर मार दी। जब कार चालक ने इसका विरोध किया तो डंपर चालक ने उससे अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के 200 से अधिक ग्रामीण एकजुट होकर गिरणा नदी क्षेत्र में पहुंचे और रेत परिवहन मार्ग पर ट्रैक्टर खड़े कर डंपरों का रास्ता रोक दिया।

हथियार लेकर पहुंचे रेत माफिया

ग्रामीणों द्वारा डंपर रोके जाने की सूचना मिलते ही रेत माफियाओं का एक समूह मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उनके हाथों में तलवार, कुल्हाड़ी और चॉपर जैसे हथियार थे। उन्होंने ग्रामीणों को धमकाया और उन पर हमला कर दिया। इस झड़प में कुछ ग्रामीणों को चोटें भी आईं। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, डंपरों पर पथराव

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में भी कुछ डंपर चालक वाहन लेकर भागने में सफल रहे। इससे नाराज ग्रामीणों ने बचे हुए डंपरों पर जमकर पथराव किया और कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए।

राजस्व अधिकारियों को भी दी गई धमकी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी रेत माफियाओं ने धमकाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद प्रशासन की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रशासन और माफियाओं की मिलीभगत का आरोप

दापोरा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गिरणा नदी क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध रेत खनन जारी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। ग्रामीणों ने पुलिस और राजस्व विभाग पर रेत माफियाओं के साथ मिलीभगत होने का भी आरोप लगाया है।

बताया जा रहा है कि दापोरा के अलावा आव्हाणे, खेडी, वडनगरी, फुपनगरी, निमखेडी और सावखेड़ा क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध रेत खनन में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Don`t copy text!