दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग का तांडव, 21 लोगों की मौत; कई घायल नई दिल्ली | प्रतिनिधि राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके मालवीय नगर में स्थित एक होटल और रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा पैदा कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। जान बचाने के लिए लोग खिड़कियों और बालकनियों की ओर भागे, जबकि कई लोगों ने भयावह स्थिति के बीच ऊंचाई से छलांग लगा दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ लोगों के अब भी इमारत के भीतर फंसे होने की संभावना जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते आग एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंच गई और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए बालकनी से नीचे कूदने को मजबूर हो गए, जिससे अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दिल्ली अग्निशमन विभाग को रात 9:10 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पानी के टैंकर मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और तल्लघर सहित कई हिस्सों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी बताई जा रही है, जहां से देखते ही देखते लपटें पूरी इमारत में फैल गईं। दमकल विभाग के जवान पिछले कई घंटों से आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटे हुए हैं। इस भीषण हादसे ने एक बार फिर राजधानी की इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बचाव एवं राहत कार्य अभी भी जारी है। Post navigation जलगाँव ज़िले में ग्राम सेवकों द्वारा लिए गए अवैध यात्रा भत्ते की वसूली के आदेश जारी RTI कार्यकर्ता और समाज सेवक भगवान चौधरी की लगातार कोशिशों को मिली सफलता