टीम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने जा रहा है। इस रोमांचक मुकाबले का आनंद अब जळगांववासी बड़े पर्दे पर भी उठा सकेंगे। भवरलाल एंड कांताबाई जैन फाउंडेशन, जैन स्पोर्ट्स अकादमी और युवाशक्ति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इस फाइनल मुकाबले का सीधा प्रसारण काव्यरत्नावली चौक में रविवार, 31 मई 2026 को शाम 7 बजे से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क और खुला रहेगा। साथ ही सेल्फी पॉइंट, डिस्को जॉकी (डीजे) सहित विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।

देशभर में इस समय आईपीएल क्रिकेट का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु व गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक मुकाबले को बड़े पर्दे पर देखने के लिए जळगांव शहर में जैन स्पोर्ट्स अकादमी, भवरलाल एंड कांताबाई जैन फाउंडेशन व युवाशक्ति फाउंडेशन द्वारा 10 बाय 20 फीट की विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही है, जिस पर मैच की शुरुआत से लेकर अंत तक सीधा प्रसारण किया जाएगा।

आकर्षक आतिशबाजी, सेल्फी पॉइंट और डीजे का रहेगा खास आकर्षण

क्रिकेट प्रेमियों को मैच का रोमांचक आनंद लेने के साथ डीजे पर गानों, पंजाबी ढोल और आकर्षक आतिशबाजी का भी आनंद मिलेगा। परिवार सहित बैठकर मैच देखने के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सेल्फी पॉइंट और डिस्को जॉकी की भी खास व्यवस्था रहेगी।

रविवार को छुट्टी होने के कारण क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह फाइनल मुकाबला किसी उत्सव से कम नहीं होगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक जळगांववासियों और क्रिकेट प्रेमियों से इस ऐतिहासिक मुकाबले का आनंद लेने के लिए कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है।

Don`t copy text!