टीम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : निवेशकों को शेयर मार्केट ट्रेडिंग और आकर्षक रिटर्न का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश कराने वाली पुणे स्थित टीडब्ल्यूजे एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड (TWJ Associates Pvt. Ltd.) के मुख्य निदेशकों को जलगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कंपनी पर निवेश स्वीकार करने के बाद तय समय पर राशि वापस नहीं करने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, जलगांव निवासी मिलिंद शालिकराव पाटिल की शिकायत पर आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मामले की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी समीर सुभाष नार्वेकर, नेहा समीर नार्वेकर और जलगांव शाखा प्रबंधक मिलिंद शालिकराव पाटिल ने निवेशकों को शेयर बाजार ट्रेडिंग और आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर निवेश कराया। आरोप है कि कंपनी ने सेबी (SEBI) के नियमों का उल्लंघन करते हुए निवेशकों को मासिक रिटर्न का झूठा आश्वासन दिया। जांच में पता चला कि कुल 279 निवेशकों से लगभग 23 करोड़ 81 लाख 72 हजार 530 रुपये का निवेश कराया गया, जिसे बाद में वापस नहीं किया गया। इस मामले में जिला पेठ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं और अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम 2019 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, शाखा प्रबंधक मिलिंद पाटिल पहले से न्यायिक हिरासत में है। वहीं मुख्य निदेशक समीर सुभाष नार्वेकर (35) और नेहा समीर नार्वेकर (36), जो पहले से ठाणे सेंट्रल जेल में एक अन्य मामले में बंद थे, उन्हें जलगांव पुलिस ने हिरासत में लेकर 26 मई 2026 को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को 29 जून 2026 तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। आर्थिक अपराध शाखा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र के कई जिलों में इसी प्रकार के मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम कंपनी और अपराध से जुड़ी संपत्तियों की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही टीडब्ल्यूजे कंपनी की जलगांव शाखा में निवेश करने वाले निवेशकों से अपने निवेश की जानकारी आर्थिक अपराध शाखा, जलगांव को देने की अपील की गई है। Post navigation जलगाव की बनी शान संगीता चावला सिंध नारी रत्न से सम्मानित महादेव हॉस्पिटल में अत्याधुनिक न्यूरोलॉजी आईसीयू सुविधा शुरू सरकारी योजनाओं के साथ कैशलेस उपचार सुविधा भी उपलब्ध