वाघूर नदी में डूबे 60 वर्षीय व्यक्ति का 24 घंटे बाद पता चला पानी के नीचे पेड़ों में फंसे मिले अरुण कोली; रबर बोट की मदद से अग्निशमन दल ने चलाया तलाशी अभियान जलगांव, प्रतिनिधि : मौजे कळगांव गांव के समीप वाघूर नदी में बैलों को पानी पिलाने गए 60 वर्षीय अरुण माधव कोली के नदी में गिरने की घटना 5 अक्टूबर को सुबह करीब 9.30 बजे हुई थी। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण पैर फिसलने से वे नदी में गिर गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों के साथ ही अग्निशमन विभाग की ओर से उनकी तलाश शुरू की गई थी। आखिरकार करीब 24 घंटे की अथक मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह अग्निशमन दल को अरुण कोली का पता लगाने में सफलता मिली। घटना की जानकारी 5 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जलगांव शहर महानगरपालिका अग्निशमन विभाग को दी गई। इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग के नरवीर रावल तथा जलगांव महानगरपालिका अग्निशमन विभाग के अग्निशमन केंद्र अधिकारी भारत बारी के मार्गदर्शन में तलाशी एवं बचाव अभियान दोबारा शुरू किया गया। मंगलवार सुबह अग्निशमन दल ने रबर बोट की सहायता से वाघूर नदी में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अरुण कोली पानी के नीचे पेड़ों में फंसे हुए मिले। पेड़ों में फंसे होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आखिरकार अथक प्रयासों के बाद अग्निशमन दल ने उन्हें नदी से बाहर निकाल लिया। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद अरुण कोली को तलाठी, पुलिस पाटील और ग्रामीणों के सुपुर्द किया गया। करीब 24 घंटे बाद तलाशी अभियान में सफलता मिलने पर ग्रामीणों ने अग्निशमन दल के प्रयासों की सराहना की। इस तलाशी एवं बचाव अभियान में टीम प्रमुख प्रकाश चव्हाण, देविदास सुरवाडे, प्रदीप धनगर, सौरभ चिकटे, योगेश पाटील, किरण महाजन, महेंद्र कोली और विकास सोनवणे, बांभोरी ने सहभाग लेकर सहयोग किया। Post navigation वाघूर नदी में 60 वर्षीय व्यक्ति लापता; दिनभर चला तलाशी अभियान जलगांव में सूखे का संकट; पानी बर्बाद करने वालों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई!