ई-बाइक सर्विस सेंटर में भीषण आग, दमकल विभाग ने 20 मिनट में पाया काबू लिथियम-आयन बैटरी चार्जिंग के दौरान आग लगने की आशंका; समय रहते एलपीजी सिलेंडर बाहर निकालने से बड़ा हादसा टला जलगांव | प्रतिनिधि जलगांव शहर के शिव कॉलोनी स्थित गुरुकृपा क्लासेस के पास गुंजन अपार्टमेंट के भूतल पर संचालित ‘परिवर्तन इलेक्ट्रिक बाइक सर्विस सेंटर’ में शुक्रवार (3 जुलाई) दोपहर करीब 2:59 बजे भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रिक स्कूटर की लिथियम-आयन (Li-ion) बैटरी चार्जिंग के दौरान आग लगी। दमकल विभाग की तत्परता से मात्र 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुकान के मालिक निखिल संजय जाधव तथा भवन की मालकिन संगीता राजेंद्र पाटील हैं। आग में इलेक्ट्रिक स्कूटर की लिथियम-आयन बैटरियां, सर्विसिंग में उपयोग होने वाला उपकरण तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। फोम की मदद से बुझाई गई आग चूंकि आग लिथियम-आयन बैटरी में लगी थी, इसलिए दमकल कर्मियों ने पहले पानी का छिड़काव किया और उसके बाद विशेष फोम का उपयोग कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। मौके पर दमकल विभाग की तीन फायर फाइटर गाड़ियां पहुंचीं, जिनमें से दो वाहनों की सहायता से आग बुझाई गई। एलपीजी सिलेंडर निकालकर टाला गया बड़ा हादसा आग भूतल स्थित दुकान में लगी थी, जबकि ऊपर के मंजिलों पर लोग रह रहे थे। एहतियात के तौर पर वहां मौजूद एलपीजी गैस सिलेंडरों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से संभावित विस्फोट और बड़ी जनहानि टल गई। दमकल कर्मियों की सराहनीय भूमिका मुख्य अग्निशमन अधिकारी अश्वजीत घरडे तथा उप अग्निशमन अधिकारी भारत बारी के मार्गदर्शन में बचाव अभियान चलाया गया। इस अभियान में वाहन चालक देविदास सुरवाडे, प्रभाकर पाटील और गोविंद सोनवणे तथा फायरमैन रोहिदास चौधरी, तेजस जोशी, रजनीश भावसार, सत्तार तडवी, सुमित साबळे, यश मनोरे, नवल शंकरपाळ, ललित पाटील, दीपक रांधडे, रितेश उबाळे, वृषभ सुरवाडे और रवींद्र सपकाळे ने साहस और तत्परता से आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। “लिथियम-आयन बैटरी में लगी आग बेहद संवेदनशील होती है। हमारी टीम ने उचित तकनीक और फोम का उपयोग कर मात्र 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।”— अश्वजीत घरडे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जलगांव Post navigation मृग बहार फल फसल बीमा योजना के लिए 14 जुलाई तक करें आवेदन लालमाटी में मंडलायुक्त का जनसंवाद, आदिवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश