58 संगीन मामलों का आरोपी ‘भोमपाली’ गिरफ्तार; देसी पिस्टल बरामद

जलगांव क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ दबोचा गया शातिर अपराधी

जलगांव | प्रतिनिधि

जलगांव स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर अपराधी विजय वसंत अहिरे उर्फ ‘भोमपाली’ (32) को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 25 हजार रुपये कीमत की एक अवैध देसी पिस्टल बरामद की गई है। इस मामले में जलगांव शहर पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एलसीबी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़ को गुप्त सूचना मिली थी कि गेंदालाल मिल क्षेत्र में विजय अहिरे देसी पिस्टल लेकर घूम रहा है और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 2 जुलाई को जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी निर्मित पिस्टल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, विजय अहिरे उर्फ भोमपाली एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ जलगांव शहर और एमआईडीसी पुलिस थानों में हत्या के प्रयास, डकैती के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट, दंगा तथा आर्म्स एक्ट सहित 58 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

यह कार्रवाई स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़ के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक सोपान गोरे, सहायक फौजदार अतुल वंजारी, अक्रम शेख, विजय पाटील, किशोर पाटील, मुरलीधर धनगर, प्रवीण भालेराव तथा पुलिसकर्मी छगन तायडे, रविंद्र कापडे, राहुल रगड़े और प्रदीप सपकाले की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

Don`t copy text!