पाचोरा में 9 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त; खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कार सहित भारी मात्रा में गुटखा बरामद, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पाचोरा | प्रतिनिधि

पाचोरा शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित गुटखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में करीब 9 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और वाहन जब्त किया गया, जिससे अवैध गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना मिली थी कि पुनगांव रोड क्षेत्र में खड़ी एक चारपहिया वाहन में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला का बड़ा जखीरा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशोर बाविस्कर ने पाचोरा पुलिस की मदद से मौके पर छापा मारा।

वाहन की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान करीब 4 लाख रुपये मूल्य की कार तथा 4 लाख 98 हजार रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला जब्त किया गया। इस प्रकार कुल लगभग 9 लाख रुपये का माल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।

इस मामले में प्रशांत चौधरी के खिलाफ पाचोरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक कृष्णा घायळ पुलिस निरीक्षक राहुलकुमार पवार के मार्गदर्शन में कर रहे हैं।

इस कार्रवाई के बाद पाचोरा शहर और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिबंधित गुटखा का अवैध भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Don`t copy text!