अमलनेर में आधी रात पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन; अपराधियों में मचा हड़कंप
गुटखा, कच्ची शराब और देसी कट्टे पर बड़ी कार्रवाई, 12 फरार आरोपी गिरफ्तार

अमलनेर | प्रतिनिधि

जलगांव जिले के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के निर्देश पर अमलनेर शहर में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए देर रात व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। तड़के 2:30 बजे से सुबह 7:00 बजे तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक नखाते और उपविभागीय पुलिस अधिकारी विनायक कोते के नेतृत्व में पांच अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई से अवैध धंधों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

इस अभियान में अमलनेर पुलिस थाने के निरीक्षक दत्तात्रय निकम सहित 5 अधिकारी, 40 पुलिसकर्मी, उपविभाग के 30 जवान, स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) के 10 जवान तथा आरसीपी की 3 प्लाटून तैनात की गई थीं। सभी टीमों को गोपनीय निर्देश देकर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

 

पुलिस ने शहर में अवैध गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के कारोबार पर छापेमारी करते हुए सुगनोमल किशनचंद बठेजा (सिंधी कॉलोनी, चोपड़ा रोड) तथा आकाश बाबूलाल सोनवणे (फरशी पुल) के खिलाफ मामला दर्ज किया। उनके कब्जे से 52,500 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए।

 

शराबबंदी कानून के तहत पुलिस ने आठ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए करतारसिंह तरशेमसिंह सिख, निशिकांत प्रभाकर शिरसाठ, कैलास अमृत भिल, राजेंद्र कांतीलाल शिंदे, सुलोचना भाईदास भिल, रूपा विक्की बाटुंगे, योगेश हरी भोई और आनंद ईश्वर सोनवणे के खिलाफ मामले दर्ज किए।
कार्रवाई के दौरान 12,000 लीटर कच्चा रसायन, 2,950 लीटर तैयार हाथभट्टी शराब सहित कुल 8 लाख 95 हजार रुपये का माल जब्त कर नष्ट किया गया।

अमलनेर और चोपड़ा शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देसी कट्टा, दो मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए। इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा चोपड़ा शहर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी 7 गिरफ्तारी वारंटों का पालन करते हुए विशाल दशरथ चौधरी, महेंद्र संतोष भोई, राजेश उर्फ सोनल घोडेवाला सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा नौ जमानती वारंटों की भी तामील की गई।

कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान अमलनेर पुलिस थाने के रिकॉर्ड में दर्ज 110 हिस्ट्रीशीटर और संदिग्ध अपराधियों की जांच की गई। इनमें से 70 लोगों से पूछताछ कर उनके इंटेरोगेशन फॉर्म भरे गए। वहीं पुराने मामलों में फरार चल रहे 12 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

इस व्यापक अभियान के बाद अमलनेर शहर में अपराधियों के बीच भय का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है, जबकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अवैध धंधों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Don`t copy text!