जलगांव में सड़क निर्माण से पहले समुचित योजना बनाने की मांग भूमिगत सुविधाएं पूर्ण किए बिना सड़क निर्माण नहीं करने का आयुक्त को दिया गया ज्ञापन प्रतिनिधि | जलगांव जलगांव शहर में नए सड़क निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक योजना एवं सभी भूमिगत सुविधाओं की पूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पृथ्वीराज सोनवणे ने जलगांव महानगरपालिका आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी सड़क का निर्माण केवल कंक्रीटीकरण या डामरीकरण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसके लिए दीर्घकालीन योजना, गुणवत्तापूर्ण अभियांत्रिकी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय आवश्यक है। सड़क निर्माण शुरू करने से पहले शहर अभियंता, संबंधित विभागों के अधिकारी, आयुक्त, महापौर तथा विशेषज्ञ अभियंताओं के मार्गदर्शन में विस्तृत परियोजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि सड़क का ढलान, वर्षा जल निकासी, सड़क की ऊंचाई तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान महानगरपालिका के जिम्मेदार अभियंता की मौके पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पहले भूमिगत सुविधाएं, फिर सड़क निर्माण पृथ्वीराज सोनवणे ने कहा कि सड़क निर्माण से पहले पेयजल पाइपलाइन, सीवर लाइन, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, भूमिगत बिजली केबल, दूरसंचार एवं फाइबर ऑप्टिक केबल, गैस पाइपलाइन, स्ट्रीट लाइट के लिए केबल तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए खाली एचडीपीई डक्ट की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उचित योजना के अभाव में पहले सड़क बनाई जाती है और बाद में पानी, बिजली, गैस या दूरसंचार सुविधाओं के लिए उसी सड़क को दोबारा खोदा जाता है, जिससे सार्वजनिक धन की बर्बादी होती है और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में महानगरपालिका से मांग की गई है कि भविष्य में जलगांव शहर में होने वाले सभी नए सड़क निर्माण कार्यों में विभिन्न विभागों के समन्वय से ही काम किया जाए, ताकि सड़कों की गुणवत्ता बनी रहे, सार्वजनिक धन की बचत हो और नागरिकों को बार-बार होने वाली असुविधा से राहत मिल सके। Post navigation प्रो. डॉ. सुनील नेवे ने किया ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स और हाउस ऑफ लॉर्ड्स का गहन अध्ययन जिला अधीक्षक भूमि अभिलेख कार्यालय में निजी भू-मापक पद के लिए आवेदन आमंत्रित