कन्हेर में बोरी नदी पर ब्रिज-कम-बांध निर्माण को मुख्यमंत्री के निर्देश जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन ने किया प्रस्तुतीकरण प्रतिनिधि | जळगांव अमलनेर तहसील के कन्हेर गांव में बोरी नदी पर प्रस्तावित ब्रिज-कम-बांध निर्माण कार्य को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। महाराष्ट्र में जर्जर अवस्था में पहुंच चुके कोल्हापुर प्रकार के बांधों की मरम्मत एवं जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा के लिए मुंबई में आयोजित बैठक में इस परियोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। विधानमंडल के मंत्रिमंडल बैठक कक्ष में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एल-नीनो के कारण राज्य में उत्पन्न सूखे जैसी परिस्थितियों और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा की गई। इस दौरान जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन ने बोरी नदी पर प्रस्तावित ब्रिज-कम-बांध परियोजना का फोटो सहित विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में जलसंपदा विभाग के उपलब्ध निधि, संबंधित जिले के जिला नियोजन निधि तथा सहायता एवं पुनर्वसन विभाग से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। साथ ही, पूर्व में आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त निधि से सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किए गए कार्यों की भी जानकारी दी गई। बैठक में जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन, मृदा एवं जलसंधारण मंत्री संजय राठौड़, विधायक मंगेश चव्हाण, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव ओ. पी. गुप्ता, सहायता एवं पुनर्वसन विभाग की प्रधान सचिव विनिता वेद-सिंघल, जलसंपदा विभाग के प्रधान सचिव एकनाथ डवले, नियोजन विभाग की सचिव शैला ए. सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कन्हेर स्थित इस ब्रिज-कम-बांध परियोजना के कार्य को गति देने के निर्देश दिए। इस परियोजना से क्षेत्र में जलसंचयन बढ़ने, भूजल स्तर में सुधार होने तथा किसानों को सिंचाई के लिए दीर्घकालीन लाभ मिलने की उम्मीद व्यक्त की जा रही है। Post navigation बंद मकान का ताला तोड़कर साढ़े आठ लाख की चोरी प्रो. डॉ. सुनील नेवे ने किया ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स और हाउस ऑफ लॉर्ड्स का गहन अध्ययन