युवाओं में हार स्वीकार करने की क्षमता होनी चाहिए : कृष्णराज महाडिक डॉ. उल्हास पाटील मेडिकल कॉलेज में भाजयुमो की ‘जागर यात्रा’ का भव्य आयोजन, हजारों विद्यार्थियों से किया संवाद जलगांव | प्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कृष्णराज महाडिक ने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया के कारण कंटेंट क्रिएशन करना बेहद आसान हो गया है, लेकिन इसका युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव भी दिखाई दे रहा है। युवाओं में धैर्य कम होता जा रहा है और चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। ऐसे समय में जीवन में मिलने वाली हार और असफलता को स्वीकार करने की क्षमता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उसका जिम्मेदारी और विवेकपूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए। वे रविवार, 28 जून को गोदावरी फाउंडेशन संचालित डॉ. उल्हास पाटील मेडिकल कॉलेज में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ‘जागर यात्रा’ के अंतर्गत आयोजित विशाल संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सांसद डॉ. उल्हास पाटील ने की। इस अवसर पर युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष संदीप सावळे, भाजपा जिल्हा पूर्व की महासचिव डॉ. केतकी पाटील, दौरा संपर्क प्रमुख तेजस्विनी दुर्गे, भाजपा जिला महामंत्री क्रिश कोठारी, जिला सोशल मीडिया प्रमुख राम शिंदे, निलेश पाटील तथा वीरेंद्रदादा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में कृष्णराज महाडिक का शॉल, श्रीफल, पुस्तक तथा राजमाता अहिल्यादेवी होळकर की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में डॉ. केतकी पाटील ने कहा कि देश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक युवा बौद्धिक, कौशल आधारित और नैतिक रूप से स्वयं को सक्षम बनाए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान “एक ही मोर्चा, युवा मोर्चा” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। अध्यक्षीय संबोधन में पूर्व सांसद डॉ. उल्हास पाटील ने विद्यार्थियों से आधुनिक तकनीक को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में हर जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध है। युवाओं को आधुनिक तकनीक का सकारात्मक उपयोग कर चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के विश्वास का सम्मान करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए अपने ज्ञान और शिक्षा का उपयोग करने का आह्वान किया। अपने अनुभव साझा करते हुए कृष्णराज महाडिक ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में कार्य करना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं तकनीक का उपयोग करते हुए अपने ‘मकोबा’ यूट्यूब चैनल के माध्यम से होने वाली आय को व्यक्तिगत उपयोग में न लाकर समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में खर्च करते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में गोदावरी फाउंडेशन संचालित मेडिकल, फिजियोथेरेपी, होम्योपैथी, नर्सिंग और आयुर्वेद महाविद्यालयों के प्रबंधन, प्राध्यापकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों तथा हजारों विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। Post navigation जलगांव एमआईडीसी पुलिस की कार्रवाई; देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार डॉ. उमाकांत चौधरी को गोल्ड मेडल से सम्मानित