एक ही दिन में चार मरीजों की सफल एंजियोप्लास्टी

गोदावरी अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अदनान अली की सेवाओं की शानदार शुरुआत

जलगांव (संवाददाता): हाल ही में डॉ. उल्हास पाटिल अस्पताल से जुड़े वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अदनान अली ने अपनी सेवाओं की शानदार शुरुआत करते हुए एक ही दिन में चार मरीजों की सफल एंजियोप्लास्टी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। अनुभवी चिकित्सकों की टीम और अत्याधुनिक कैथ लैब की सहायता से की गई इन सभी प्रक्रियाओं के बाद चारों मरीजों की हालत स्थिर और संतोषजनक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हृदय संबंधी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित चार मरीज उपचार के लिए डॉ. उल्हास पाटिल अस्पताल पहुंचे थे। इनमें कुछ मरीजों को सीने में तेज दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चलते समय अत्यधिक थकान तथा हार्ट अटैक जैसे लक्षण महसूस हो रहे थे। मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल अस्पताल के हृदय विभाग में भर्ती किया गया।

हृदय विभाग के प्रमुख डॉ. वैभव पाटिल के मार्गदर्शन में डॉ. अदनान अली ने मरीजों की विस्तृत जांच की। इसके बाद एंजियोग्राफी सहित आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण किए गए। जांच में चारों मरीजों की हृदय की कोरोनरी धमनियों में गंभीर रुकावट पाई गई, जिससे हार्ट अटैक का खतरा काफी बढ़ गया था।

मरीजों की स्थिति और जांच रिपोर्ट का मूल्यांकन करने के बाद तत्काल एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया गया। अस्पताल की अत्याधुनिक कैथ लैब, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के सहयोग से चारों मरीजों की सफल एंजियोप्लास्टी की गई। इस दौरान अवरुद्ध अथवा संकरी हो चुकी धमनियों में स्टेंट डालकर रक्त प्रवाह को सामान्य किया गया।

उपचार का मिला सकारात्मक परिणाम

सर्जरी के बाद चारों मरीजों को गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। उपचार का सकारात्मक असर दिखाई देने पर उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीज फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ आगे का उपचार दिया जा रहा है।

Don`t copy text!