1 जुलाई से बदल जाएगा पासपोर्टका नियम! विदेश यात्रा की तैयारी है तो पहले यह खबर जरूर पढ़ें…

नई दिल्ली : विदेश यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट से संबंधित शुल्क में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। करीब 14 साल बाद पासपोर्ट फीस में संशोधन किया गया है, जिसके बाद नया पासपोर्ट बनवाने और तत्काल (Tatkal) सेवा का लाभ लेने के लिए अधिक शुल्क देना होगा।

इस बीच, विदेश मंत्रालय ने हाल ही में स्पष्ट किया है कि भारतीय पासपोर्ट मुख्य रूप से विदेश यात्रा का दस्तावेज है, इसे भारतीय नागरिकता का अंतिम प्रमाण नहीं माना जा सकता। इस स्पष्टीकरण के बाद नई शुल्क संरचना लागू किए जाने से इस विषय पर देशभर में चर्चा तेज हो गई है।

नई व्यवस्था के अनुसार, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए 36 पृष्ठों वाले सामान्य पासपोर्ट के नए आवेदन या नवीनीकरण का शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं तत्काल पासपोर्ट के लिए अब 5,000 रुपये देने होंगे, जो पहले 3,500 रुपये था।

इसी तरह 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट के लिए सामान्य श्रेणी का शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये तथा तत्काल श्रेणी का शुल्क 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है।

विदेश मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, 1 जुलाई 2026 या उसके बाद जमा किए जाने वाले सभी पासपोर्ट आवेदनों पर नई शुल्क दरें लागू होंगी। साथ ही पासपोर्ट से जुड़ी अन्य सेवाओं के शुल्क में भी संशोधन किया गया है।

1 जुलाई से लागू नई पासपोर्ट फीस

36 पृष्ठों वाला सामान्य पासपोर्ट: ₹2,500 (पहले ₹1,500)

36 पृष्ठों वाला तत्काल पासपोर्ट: ₹5,000 (पहले ₹3,500)

60 पृष्ठों वाला सामान्य पासपोर्ट: ₹3,500 (पहले ₹2,000)

60 पृष्ठों वाला तत्काल पासपोर्ट: ₹6,000 (पहले ₹4,000)

विदेश यात्रा की योजना बना रहे लोगों के लिए यह बदलाव महत्वपूर्ण है। ऐसे में यदि कोई पासपोर्ट बनवाने या उसका नवीनीकरण कराने की तैयारी कर रहा है, तो उसे नई शुल्क व्यवस्था को ध्यान में रखकर आवेदन करना होगा।

Don`t copy text!