जैन हिल्स में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का विशेष कार्यक्रम प्रोत्साहन अनुदान सीधे लाभार्थियों को किया जाएगा हस्तांतरित; प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहेंगे ऑनलाइन उपस्थित जलगांव, प्रतिनिधि : केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के सफल क्रियान्वयन के उपलक्ष्य में देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO), जलगांव कार्यालय द्वारा जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड के जैन हिल्स स्थित गांधी तीर्थ के कस्तूरबा सभागार में 19 जून को शाम 4 बजे “विकसित भारत” की संकल्पना के अंतर्गत पीएम-वीबीआरवाई योजना पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों द्वारा लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, जलगांव द्वारा आयोजित इस क्षेत्रीय कार्यक्रम में महाराष्ट्र के जलापूर्ति एवं स्वच्छता मंत्री गुलाबराव पाटिल, जलगांव लोकसभा क्षेत्र की सांसद स्मिता वाघ तथा जलगांव के विधायक सुरेश भोळे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इनके साथ क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोळी तथा सहायक भविष्य निधि आयुक्त मोहित दीक्षित भी उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में जलगांव जिले के विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि, नियोक्ता एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे भी मौजूद रहेंगी। प्रधानमंत्री के हाथों लगभग 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की जाएगी। इस पहल से देशभर में 15 लाख से अधिक नागरिकों के लिए अतिरिक्त रोजगार अवसरों का सृजन होने की उम्मीद है। पीएम-वीबीआरवाई केंद्र सरकार की रोजगार-संलग्न प्रोत्साहन योजना है, जिसके अंतर्गत पहली बार संगठित क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को एक माह के वेतन के बराबर, अधिकतम 15 हजार रुपये तक की सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को भी प्रोत्साहन अनुदान दिया जाता है। इस योजना के तहत अगले दो वर्षों में देशभर में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। पुणे क्षेत्र में अब तक इस योजना के अंतर्गत 75,711 कर्मचारियों को 42.79 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ तथा 6,351 नियोक्ताओं को 145.16 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है। देशभर के 200 स्थानों पर एक साथ आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में लगभग 9 हजार नियोक्ता प्रतिनिधि और 45 हजार कर्मचारी भाग लेंगे। इन कार्यक्रमों से रोजगार सृजन, रोजगार को प्रोत्साहन तथा सामाजिक सुरक्षा के विस्तार संबंधी केंद्र सरकार के उद्देश्यों को और मजबूती मिलेगी। जैन हिल्स में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय के अधिक से अधिक लाभार्थियों से सहभागिता करने की अपील क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 मनोज कोळी तथा सहायक भविष्य निधि आयुक्त मोहित दीक्षित ने की है। Post navigation वरणगांव के ‘वासुदेव नेत्रालय’ की अनूठी पहल जैन हिल्स में “फ्रूटफुल इंडिया” परियोजना की राष्ट्रीय अनुसंधान अनुदान नियोजन कार्यशाला संपन्न