रथ चौक में जर्जर इमारत का हिस्सा ढहा; युवासेना ने शहर की इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग की

नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, खतरनाक भवनों पर तत्काल कार्रवाई की मांग

जलगांव | प्रतिनिधि

जलगांव शहर के रथ चौक क्षेत्र में दो वर्ष पहले आंशिक रूप से गिराई गई एक जर्जर इमारत का बचा हुआ हिस्सा बुधवार (1 जुलाई) देर रात अचानक ढह गया। हादसे में नीचे खड़ी एक चारपहिया वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद पास स्थित एक अन्य जर्जर इमारत में भी बड़ी दरारें आने से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। रहवासियों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम प्रशासन को कई बार शिकायतें दी थीं, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटना के बाद युवासेना ने प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए शहर की सभी जर्जर और खतरनाक इमारतों का तत्काल स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।

इस संबंध में युवासेना के प्रतिनिधिमंडल ने जलगांव महानगरपालिका आयुक्त आदित्य जीवने को ज्ञापन सौंपा। आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर युवासेना के विभागीय सचिव विराज कावडिया, विधानसभा युवाधिकारी अमित जगताप, महानगर युवाधिकारी प्रीतम शिंदे, अजय खैरनार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Don`t copy text!