पर्यावरण संरक्षण की मिसाल: जलगांव पुलिस मुख्यालय में 2,320 पौधों का विशाल वृक्षारोपण अभियान

नानासाहेब धर्माधिकारी प्रतिष्ठान और जलगांव पुलिस का संयुक्त उपक्रम; 550 स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान

जलगांव | प्रतिनिधि

पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार, 8 जुलाई 2026 को जलगांव पुलिस मुख्यालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। जलगांव जिला पुलिस और नानासाहेब धर्माधिकारी प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के तहत 2,320 पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जलगांव के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के हाथों हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन करना भी प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अभियान में नानासाहेब धर्माधिकारी प्रतिष्ठान के लगभग 550 श्री सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते हुए पुलिस मुख्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे योजनाबद्ध तरीके से लगाए। वृक्षारोपण के साथ-साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर निर्माण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, उप अधीक्षक (गृह शाखा) संजय गायकवाड़, स्थानीय अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़, पुलिस मुख्यालय के रिजर्व पुलिस निरीक्षक प्रशांत सुगरवार सहित जिला पुलिस बल के अधिकारी, कर्मचारी तथा नानासाहेब धर्माधिकारी प्रतिष्ठान के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्री सदस्य उपस्थित रहे।

यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।

Don`t copy text!