तांदलवाड़ी गांव को दूसरी बार मिला विधायक पद का गौरव; नंदकिशोर महाजन की जीत ऐतिहासिक 42 साल बाद रावेर तहसील को विधान परिषद में मिला प्रतिनिधित्व जलगांव | प्रतिनिधि जलगांव स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवार नंदकिशोर महाजन ने शानदार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उनकी जीत के साथ रावेर तहसील के तांदलवाड़ी गांव को दूसरी बार विधायक मिलने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस जीत से गांव सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह और जश्न का माहौल है। तांदलवाड़ी गांव के राजाराम गणू महाजन को इससे पहले विधायक बनने का अवसर मिला था। उन्होंने सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत समिति सभापति और जिला परिषद उपाध्यक्ष जैसे विभिन्न पदों पर कार्य करने के बाद विधानसभा तक का सफर तय किया था। अब उसी गांव के नंदकिशोर महाजन के रूप में तांदलवाड़ी को दूसरी बार विधायक मिला है। नंदकिशोर महाजन ने भी राजनीति और सहकारिता क्षेत्र में लंबा अनुभव हासिल किया है। वे पंचायत समिति सदस्य, पंचायत समिति सभापति, जिला परिषद उपाध्यक्ष, जिला बैंक संचालक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। साथ ही भाजपा ने उन्हें रावेर लोकसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी थी। पार्टी ने उन पर विश्वास जताते हुए विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया और उन्होंने शानदार जीत हासिल कर उस विश्वास को सही साबित किया। इस जीत से केवल तांदलवाड़ी गांव ही नहीं, बल्कि पूरे रावेर तहसील को भी बड़ा सम्मान मिला है। खास बात यह है कि रावेर तहसील को लगभग 42 वर्षों बाद विधान परिषद में प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है। इससे पहले वर्ष 1978 से 1984 के दौरान बलवाड़ी गांव के स्वर्गीय बाजीराव नाना पाटील विधान परिषद सदस्य रहे थे। इसके बाद चार दशकों से अधिक समय तक रावेर तहसील को विधान परिषद में प्रतिनिधित्व नहीं मिला था। अब नंदकिशोर महाजन की जीत के साथ यह लंबा इंतजार समाप्त हो गया है। उनकी जीत के बाद तांदलवाड़ी गांव में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। नंदकिशोर महाजन की जीत से रावेर तहसील के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। क्षेत्र के नागरिकों का मानना है कि अब स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा। Post navigation जलगांव विधान परिषद चुनाव में नंदकिशोर महाजन की शानदार जीत कंडारी में मुख्य कार्यकारी अधिकारी करिश्मा नायर का दौरा