आठ दिन से लापता महिला की हत्या; दोस्त ने ही सिर पर पत्थर मारकर उतारा मौत के घाट पद्मालय के जंगल में मिला शव; एमआईडीसी पुलिस ने दोस्त को हिरासत में लिया जलगांव : रामेश्वर कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय महिला के लापता होने के करीब एक सप्ताह बाद उसकी हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पद्मालय के जंगल क्षेत्र में महिला का पत्थर से चेहरा कुचला हुआ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान कविता मिस्तरी (38) के रूप में हुई है। इस मामले में उसके साथ जाने वाले मित्र नरेश उर्फ आबा अनिल सोनवणे (28, निवासी रामेश्वर कॉलोनी) को एमआईडीसी पुलिस ने हिरासत में लिया है। कविता अपने दो बच्चों के साथ रहती थीं। वह पिछले आठ से दस वर्षों से पति से अलग रह रही थीं। वह 8 सितंबर से लापता थीं। इस संबंध में 9 सितंबर को पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कविता को नरेश सोनवणे के साथ दोपहिया वाहन पर जाते हुए देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की। कविता के मोबाइल की लोकेशन की जांच करने पर म्हसावद के पास मोबाइल बंद होने की जानकारी सामने आई। जलगांव से एरंडोल तक सीसीटीवी फुटेज खंगाला कविता और नरेश के एक साथ जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जलगांव से म्हसावद तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दोनों दोपहिया वाहन से जाते हुए दिखाई दिए। हालांकि म्हसावद के बाद के फुटेज में दोनों नजर नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने एरंडोल की दिशा में भी सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने पद्मालय के जंगल क्षेत्र में तलाश शुरू की। इसी दौरान वहां कविता का शव बरामद हुआ। उनका चेहरा पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था। परिजनों ने कपड़ों से की पहचान कविता जब घर से निकली थीं, उस समय उन्होंने जो कपड़े पहने थे, उन्हीं कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए नरेश उर्फ आबा सोनवणे को हिरासत में लिया है। हत्या के पीछे का कारण और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारी पुलिस की जांच में सामने आएगी। Post navigation गणपति स्थापना की तैयारी के बीच विवाहिता ने बेटे के साथ की आत्महत्या