अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश; 30 मोटरसाइकिलों सहित चार हिरासत में मुक्ताईनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25.80 लाख रुपये के वाहन बरामद; महाराष्ट्र और गुजरात के कई मामले सुलझे मुक्ताईनगर, प्रतिनिधि : जलगांव जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के निर्देश पर मुक्ताईनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है तथा उनके कब्जे से 25 लाख 80 हजार रुपये मूल्य की 30 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मुक्ताईनगर पुलिस थाने में दर्ज बाइक चोरी के एक मामले की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विशाल सुरेश सोनवणे (निवासी पिंपरुड, तहसील यावल), कुंदन सुनील महाले (निवासी सालबर्डी, तहसील मुक्ताईनगर) तथा दो नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संबंधित मामले की मोटरसाइकिल के अलावा 29 अन्य बाइक चोरी करने की बात कबूल की। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद आरोपी मोटरसाइकिलों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों के ‘पे एंड पार्क’ में खड़ा कर वहीं से ग्राहकों को बेच देते थे। बरामद मोटरसाइकिलें महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में पंजीकृत पाई गई हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इन चोरी की मोटरसाइकिलों से जुड़े मामले गुजरात के उधना (सूरत) तथा महाराष्ट्र के कल्याण, नेरुल, निफाड, वणी, इगतपुरी, गंगापुर, ओझर, सरकारवाड़ा, नेरळ, पारोला, जिल्हापेठ और एरंडोल पुलिस थानों में दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित और उपविभागीय पुलिस अधिकारी केदार बारबोले के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक आशिष आडसूळ के नेतृत्व में मुक्ताईनगर पुलिस की टीम ने की। इस अभियान में पुलिस हेड कॉन्स्टेबल अजय खंडेराव, महेंद्र सुरवाडे, पुलिस नायक असिम तडवी, कल्पेश आमोदकर तथा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। Post navigation जलगांव शहर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ एसीबी द्वारा सील किए गए मकान में घुसने की कोशिश, दो आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार