टाइम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : अमलनेर शहर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को शोक में डुबो दिया। अमलनेर-चोपड़ा मार्ग पर रेलवे पुल के पास पानी से भरी खदान में डूबने से सिंधी कॉलोनी के तीन नाबालिग दोस्तों की मौत हो गई। इस घटना के बाद सिंधी समाज सहित पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई है।

मृतकों की पहचान मानव बंटी रत्नानी, कार्तिक विकी उधवानी और दिनेश विजय पंजवानी (सभी निवासी सिंधी कॉलोनी, अमलनेर) के रूप में हुई है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त घूमने के लिए रेलवे पुल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वे पानी से भरी खदान के नजदीक चले गए और गहराई का अंदाजा नहीं लगने से डूब गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, संभव है कि हादसा मोबाइल से सेल्फी लेने के दौरान हुआ हो, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन खदान में पानी अधिक गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बाद में प्रशासन की मदद से तीनों के शव बाहर निकाले गए।

हादसे की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अपने बच्चों को खोने के गम में परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही कॉलोनी के तीन दोस्तों की एक साथ मौत से पूरे अमलनेर शहर और सिंधी समाज में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

प्रशासन की अपील:

बारिश के मौसम में नदी, तालाब, खदान या अन्य जलाशयों के पास जाते समय विशेष सावधानी बरतें। गहरे पानी का सही अनुमान न लगने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। ऐसे स्थानों पर स्टंट करने, सेल्फी लेने या लापरवाही से बचें। साथ ही अभिभावक भी बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकें।

Don`t copy text!