रेत डालने को लेकर दो गुटों में विवाद; सुप्रीम कॉलोनी में पथराव जलगांव | प्रतिनिधि जलगांव शहर के सुप्रीम कॉलोनी क्षेत्र में किराना दुकान के सामने रेत डालने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने पथराव का रूप ले लिया। यह घटना गुरुवार रात करीब सवा दस बजे हुई। घटना की जानकारी मिलते ही एमआईडीसी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस के अनुसार, सुप्रीम कॉलोनी स्थित एक किराना दुकान के सामने रेत डाली गई थी। इसी बात को लेकर दुकान मालिक के बेटे का एक व्यक्ति से विवाद हुआ। इसके बाद कुछ युवक एकत्रित हुए और सामने वाली गली में पथराव किया। जवाब में दूसरे गुट के कुछ लोगों द्वारा भी पथराव किए जाने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस का दल तथा एसडीपीओ का आरसीपी दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी की जांच की जा रही है। पथराव में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ऐसी जानकारी पुलिस ने दी फिलहाल सुप्रीम कॉलोनी क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। नागरिक किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और न ही अफवाह फैलाएं, ऐसी अपील पुलिस प्रशासन की ओर से की गई है। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को सहयोग करने का आह्वान किया गया है। Post navigation मनपा प्रशासन के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस का आंदोलन अकलूद में चल रहे देह व्यापार अड्डे पर पुलिस की छापेमारी; चार महिलाओं को छुड़ाया