टीम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : पुलिस मुख्यालय अंतर्गत कार्यरत दो पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 मई 2026 की रात लगभग 9:20 बजे राखीव पुलिस निरीक्षक, पुलिस मुख्यालय जळगांव द्वारा पुलिस अधीक्षक बंगले की गार्ड ड्यूटी का अचानक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सफौ/1378 संभाजी निबाजी पाटील तथा पोना/393 प्रदीप भगतसिंग राजपूत अपने कर्तव्य स्थल पर अनुपस्थित पाए गए।

जांच के दौरान इससे भी अधिक गंभीर मामला सामने आया। गार्ड रूम में रखी गई 3 एस.एल.आर. रायफलें (बट नं. 82.262.882) बिना दारूगोला (Ammunition) के और सुरक्षा व्यवस्था के बिना लावारिस हालत में पड़ी मिलीं। संवेदनशील सुरक्षा ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों की यह लापरवाही बेहद गंभीर मानी जा रही है।

प्रशासन के अनुसार, दोनों कर्मचारियों का यह कृत्य महाराष्ट्र नागरी सेवा (वर्तन) नियम 1979 के नियम 3 का उल्लंघन है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, जळगांव ने दोनों पुलिसकर्मियों को शासकीय सेवा से निलंबित कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, जळगांव रहेगा तथा उन्हें बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

Don`t copy text!