हिमाचल के हत्याकांड में फरार चार आरोपी जलगांव में पकड़े गए तकनीकी विश्लेषण के आधार पर शनिपेठ पुलिस की कार्रवाई; मुंबई जाते समय पैसे और भोजन खत्म होने पर जलगांव में उतरे थे आरोपी जलगांव, प्रतिनिधि : हिमाचल प्रदेश में हुए हत्या के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को शनिपेठ पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जलगांव शहर से हिरासत में लिया। हिमाचल प्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के बाद शनिपेठ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को खोज निकाला। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस से समन्वय किया जा रहा है। शराब पीने के दौरान विवाद, फिर हत्या हिमाचल प्रदेश पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार की हत्या के मामले में 30 सितंबर 2026 को एफआईआर क्रमांक 82/2026 दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक और आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान हुए विवाद के बाद हत्या की घटना होने की बात सामने आई है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को तालाब में फेंक दिया था, ऐसी जानकारी जांच में सामने आने की बात पुलिस ने बताई। अंबाला से मुंबई की ओर निकले थे घटना के बाद आरोपी किसनपुर से अंबाला पहुंचे। इसके बाद उन्होंने 11058 अमृतसर-मुंबई एक्सप्रेस से मुंबई की ओर यात्रा शुरू की। यात्रा के दौरान पैसे खत्म होने और भूख लगने के कारण वे जलगांव में उतर गए। जलगांव में मोबाइल बेचने के लिए आने की जानकारी भी पुलिस को मिली। बिहार के रहने वाले हैं चारों आरोपी हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा तलाश किए जा रहे आरोपियों की पहचान चंदन कुमार (कुतुबपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार), रोशन गोगल मुखिया (कुतुबपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार), संतोष कुमार (बरियारपुर, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार) और अजित कुमार जोगा मेहतो (पंडरक, जिला पटना, बिहार) के रूप में हुई है। लोकेशन मिलते ही शुरू हुआ ऑपरेशन चारों आरोपियों की लोकेशन शनिपेठ पुलिस थाना क्षेत्र में मिलने की जानकारी हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शनिपेठ थाना प्रभारी डॉ. विशाल जयस्वाल को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर अपराध शाखा की टीम को आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद परि. पोउनि संतोष खेडकर, पोहेकॉ विजय खैरे, पोहेकॉ योगेश जाधव, पोहेकॉ अनिल साळुंखे, पुलिस कॉन्स्टेबल निलेश घुगे, नवजीत चौधरी, अमोल वंजारी, पराग दुसाने और रवींद्र साबळे की टीम ने विभिन्न स्थानों पर तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी के आधार पर चारों हिरासत में मोबाइल लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तलाश तेज की। आखिरकार चारों आरोपियों को शनिपेठ थाना क्षेत्र से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धीवरे, अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित, पुलिस उपविभागीय अधिकारी नितीन गणपुरे तथा पुलिस निरीक्षक डॉ. विशाल जयस्वाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। हिमाचल पुलिस को दी जानकारी चारों आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी हिमाचल प्रदेश के संबंधित पुलिस थाने के जांच अधिकारी को दे दी गई है। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है, ऐसी जानकारी शनिपेठ पुलिस ने दी। Post navigation त्योहारों के बीच 1 अक्टूबर ने दिया बड़ा झटका! एमडी के साथ शातिर आरोपी गिरफ्तार; 2.13 लाख का माल जब्त