फाली-12 वार्षिक अधिवेशन जैन हिल्स में शुरू 1 से 8 जून तक 1500 विद्यार्थी प्रस्तुत करेंगे कृषि उद्यमिता के मॉडल; सबोर्नी पोद्दार बनीं नई सीईओ जलगांव (प्रतिनिधि): ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में आधुनिक कृषि, कृषि उद्यमिता और नेतृत्व कौशल विकसित करने के उद्देश्य से संचालित फ्यूचर एग्रीकल्चर लीडर्स ऑफ इंडिया (FALI) के 12वें वार्षिक अधिवेशन का आयोजन 1 से 8 जून 2026 तक जैन हिल्स, जलगांव में किया जा रहा है। इस अवसर पर संस्था की नई मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में सबोर्नी पोद्दार की नियुक्ति की घोषणा की गई। जैन इरिगेशन के सहयोग से आयोजित इस अधिवेशन में लगभग 1,500 विद्यार्थी, 90 कृषि शिक्षक, 18 पूर्व विद्यार्थी तथा फाली को सहयोग देने वाली 10 प्रमुख कंपनियों के 70 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। ये विद्यार्थी फाली-12 के अंतर्गत 210 विद्यालयों में आयोजित बिजनेस मॉडल और कृषि तकनीकी नवाचार प्रतियोगिताओं के विजेता हैं। फाली कक्षा 8वीं और 9वीं के ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए संचालित एक अभिनव कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आधुनिक एवं टिकाऊ खेती के लिए आवश्यक तकनीकी, व्यावसायिक और नेतृत्व कौशल विकसित करना है। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को संवादात्मक कक्षाएं, आधुनिक कृषि परियोजनाओं का भ्रमण, उद्योग विशेषज्ञों से संवाद तथा कृषि व्यवसाय की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाती है। कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए फाली का विस्तार फाली-12 को जैन इरिगेशन, गोदरेज एग्रोवेट, यूपीएल, आईटीसी, स्टारएग्री, प्रॉम्प्ट डेयरीटेक, एसबीआई फाउंडेशन, टाटा रैलिस और ओम्निवोर जैसी अग्रणी कृषि एवं वित्तीय संस्थाओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त है। संस्था की आगामी योजनाओं में प्रतिवर्ष 25 प्रतिशत विस्तार करते हुए महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों तक पहुंच बढ़ाना, पूर्व विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, सीड फंडिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रमों का विस्तार करना तथा शहरी युवाओं के लिए ‘FALI e+’ पहल को मजबूत करना शामिल है। सबोर्नी पोद्दार बनीं नई सीईओ संस्था की स्थापना से वर्ष 2014 तक सीईओ पद संभालने वाले हर्ष नौटियाल 1 जून से कृषि उद्यमिता के नए अवसरों पर कार्य करने के लिए पदमुक्त होंगे। उनके नेतृत्व में फाली ने महाराष्ट्र सहित तीन राज्यों में ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए प्रभावशाली और परिवर्तनकारी कार्यक्रम स्थापित किया तथा देश की प्रमुख कृषि कंपनियों के साथ आर्थिक और तकनीकी साझेदारी विकसित की। नई सीईओ सबोर्नी पोद्दार को कृषि, ग्रामीण विकास और सामाजिक क्षेत्र में दस वर्षों से अधिक का अनुभव है। इससे पहले वे भारत के अग्रणी एग्रीटेक इम्पैक्ट फंड ओम्निवोर में मार्केटिंग और तकनीकी सेवाओं का नेतृत्व कर चुकी हैं। उन्होंने माइक्रोसेव कंसल्टिंग में भी खाद्य, शिक्षा, ग्रामीण वित्त और विकास क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर कार्य किया है। उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल मैनेजमेंट आनंद (IRMA) से एमबीए तथा पत्रकारिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त की है। भारतीय कृषि का भविष्य है फाली फाली एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा जैन इरिगेशन के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल जैन ने संस्था की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सबोर्नी पोद्दार के नेतृत्व में फाली और उसका पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि जलवायु-स्मार्ट कृषि, आधुनिक तकनीक और मूल्य श्रृंखला की दक्षता बढ़ाना भारतीय कृषि का भविष्य है। प्रख्यात उद्योगपति नादिर गोदरेज ने फाली के पूर्व विद्यार्थी कार्यक्रम के विस्तार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि राज्जू श्रॉफ ने कहा कि फाली युवाओं में तकनीकी, व्यावसायिक और नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार कर रहा है। फाली की उपाध्यक्ष एवं एनबीए एंटरप्राइज सॉल्यूशन्स टू पॉवर्टी की अध्यक्ष नैंसी बैरी ने विश्वास व्यक्त किया कि सबोर्नी पोद्दार के नेतृत्व में फाली कृषि और कृषि उद्यमिता की प्रेरणा को नई पीढ़ी तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा। Post navigation एआई के प्रभावी उपयोग से कृषि क्षेत्र में आएगा बड़ा बदलाव : अनिल जैन जलगांव जिले के रिकॉर्ड कीपर्स के लिए ‘अभिलेख प्रबंधन एवं संरक्षण’ प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न