अहमदाबाद से चोरी हुई कार जलगाव में बरामद

एमआईडीसी पुलिस की नाकाबंदी में कार्रवाई; 9 लाख रुपये की किया कैरेंस कार और चालक गुजरात पुलिस के हवाले

जळगांव, प्रतिनिधि : गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के बोपल पुलिस थाने में दर्ज वाहन चोरी के मामले में वांछित 9 लाख रुपये मूल्य की किया कंपनी की कैरेंस कार (क्रमांक MP 04 ZL-5155) को जळगांव की एमआईडीसी पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बरामद कर लिया। पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोका और चालक को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, 18 जून की शाम लगभग 6:30 बजे बोपल पुलिस ने एमआईडीसी पुलिस थाना जळगांव को सूचना दी थी कि चोरी की उक्त ग्रे रंग की किया कैरेंस कार नशिराबाद टोल नाका पार कर जळगांव की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस ने काशीनाथ चौक क्षेत्र में नाकाबंदी शुरू कर दी।

शाम करीब 7:15 बजे संदिग्ध कार तेज रफ्तार से गुजरती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने के बावजूद चालक वाहन लेकर अजिंठा चौफुली की ओर भाग निकला। इसके बाद पुलिस कर्मियों रमेश अहिरे और अफजल बागवान ने तत्काल वाहन का पीछा किया और अजिंठा चौफुली स्थित हीरो होंडा शोरूम के सामने कार को रोक लिया।

वाहन की जांच करने पर उसके चोरी के मामले से संबंधित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद कार और चालक को हिरासत में लिया गया। 19 जून को जळगांव पहुंचे बोपल पुलिस के अधिकारियों को वाहन सहित आरोपी चालक को विधिवत सौंप दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन में पुलिस हेड कॉन्स्टेबल संदीप सपकाळे, पुलिस कॉन्स्टेबल रमेश अहिरे तथा अफजल बागवान ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

Don`t copy text!