टाइम झूलेलाल न्यूज़ जलगांव : जलगांव जिले के चोपड़ा तहसील के वडती गांव में एक जन्मदाता पिता द्वारा अपने ही दो बच्चों पर सोते समय कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है।

इस हमले में 13 वर्षीय मीरा सुभाष भिलाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 वर्षीय रामु सुभाष भिलाला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बालक का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मामले का आरोपी सुभाष गोपाल भिलाला (50 वर्ष) घटना के बाद जंगल की ओर फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही अडावद पुलिस थाने की टीम ने तत्काल खोज अभियान चलाकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे घर में सो रहे थे, तभी उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति या अन्य किसी वजह से घटना को अंजाम दिया गया है या नहीं, इसकी जांच पुलिस सभी पहलुओं से कर रही है।

घटना के बाद वडती गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। अडावद पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर सबूत जुटा लिए हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

इस  मानवीय घटना से पूरे चोपड़ा तहसील में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

Don`t copy text!