रेलवे स्टेशन पर तबीयत बिगड़ी और खुल गया बांग्लादेशी महिला का राज तीन महीने से जयपुर में रह रही थी महिला; जलगांव में इलाज के दौरान पुलिस को हुआ संदेह, जिला पेठ थाने में मामला दर्ज जलगांव, प्रतिनिधि : जलगांव रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराई गई मो. अकिजारा अख्तर मो. अबछार (25, निवासी गारचर यूनियन, जिला जमालपुर, बांग्लादेश) के बांग्लादेशी नागरिक होने का खुलासा पुलिस जांच में हुआ है। भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में जिला पेठ पुलिस थाने में इमिग्रेशन एक्ट तथा फॉरेनर्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मो. अकिजारा अख्तर को 1 अक्टूबर से शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उसके बोलने के तरीके और भाषा को लेकर पुलिस को संदेह हुआ। इसकी जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे को दी गई। उनके निर्देश पर जिला पेठ पुलिस तथा स्थानीय अपराध शाखा ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में महिला के बांग्लादेश की निवासी होने की बात सामने आई। 3 अक्टूबर को उसे हिरासत में लेकर शासकीय आशादीप महिला छात्रावास में दाखिल कराया गया। इसके बाद 4 अक्टूबर को उसका बयान दर्ज किया गया। बयान के दौरान उसके भारत में प्रवेश और यहां रहने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस के हाथ लगी। जयपुर में रहने वाली महिला से मैत्री के जरिए संपर्क पुलिस जांच के अनुसार, अकिजारा अख्तर तलाकशुदा है तथा उसके भाई और अन्य रिश्तेदार बांग्लादेश में रहते हैं। एक सहेली के माध्यम से उसकी भारत में रहने वाली एक बांग्लादेशी महिला से पहचान हुई थी। उक्त महिला जयपुर में रहती है और अकिजारा उसे ‘मौसी’ कहकर बुलाती थी। पुलिस के मुताबिक, उक्त महिला ने अकिजारा को भारत लाने के लिए उसके घर तक रिक्शा भेजा था। इसके बाद वह रिक्शे से भारत-बांग्लादेश सीमा तक पहुंची और वहां से भारत में प्रवेश किया। पश्चिम बंगाल के रास्ते वह जयपुर पहुंची, जहां करीब तीन महीने तक रहने की जानकारी जांच में सामने आई है। तबीयत बिगड़ने पर मौसी हुई फरार जयपुर में रहने वाली महिला अकिजारा को घूमने के बहाने ट्रेन से अपने साथ लेकर निकली थी। इसी दौरान जलगांव रेलवे स्टेशन पर अकिजारा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच उसके साथ मौजूद महिला वहां से फरार हो गई। वह अकिजारा का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई। इस मामले में जिला पेठ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल वाघ कर रहे हैं। Post navigation गरबा महोत्सव में झूमे 6 हजार समाजबंधु, 700 से अधिक जोड़ियों ने थिरकाए कदम एमडी ड्रग्स का ‘किंगपिन’ अज्जू मालेगांव पुलिस के रडार पर