सगाई की खुशियां मातम में बदलीं; अमलनेर-धुले हाईवे पर भीषण हादसे में 5 की मौत

तेज रफ्तार कार, मोटरसाइकिल और एसटी बस की टक्कर; गुजरात के एक ही परिवार के 5 लोगों की गई जान, मासूम बालक बचा

अमलनेर | प्रतिनिधि

अमलनेर-धुले राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगरूल गांव के पास  आज मंगलवार सुबह हुए भीषण तिहरे सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बालक चमत्कारिक रूप से बच गया। तेज रफ्तार कार, मोटरसाइकिल और एसटी बस के बीच हुई जोरदार टक्कर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की सगाई की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे मंगरूल गांव स्थित होटल वृंदावन के समीप यह हादसा हुआ। धुले की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सामने से आ रही एसटी बस और मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार पांच यात्रियों ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक गुजरात के व्यारा निवासी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो अमलनेर में एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

मृतकों की पहचान आदित्य चंद्रकांत महाजन, अनिता सुरेश महाजन, निर्मला नंदलाल महाजन, नंदलाल गोपाल महाजन और सुरेश विक्रम महाजन के रूप में हुई है।

मासूम की बची जान

हादसे के बाद कार में फंसे एक छोटे बच्चे को स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और एसटी कर्मचारियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं एसटी बस के कुछ यात्री घायल हो गए हैं, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही ‘112’ आपातकालीन सेवा, पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय निकम के मार्गदर्शन में राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को ‘108’ एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।

इस दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेज दिए हैं तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सगाई की खुशियां लेकर निकला परिवार कुछ ही पलों में काल के गाल में समा गया, जिससे हर कोई स्तब्ध है।

Don`t copy text!