जलगांव में इलेक्ट्रिकल दुकान में लगी आग, दमकल की तत्परता से बड़ा हादसा टला

50 हजार रुपये का नुकसान, दूध फेडरेशन क्षेत्र की घटना

जलगांव | प्रतिनिधि

जलगांव शहर के सत्यम पार्क क्षेत्र स्थित सोपाननगर, दूध फेडरेशन रोड पर स्थित दिनेश इलेक्ट्रिकल्स नामक दुकान में शुक्रवार (10 जुलाई) सुबह आग लग गई। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग को सुबह 8:50 बजे प्राची तायडे ने दूरभाष के माध्यम से दुकान में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल मुख्यालय से अग्निशमन वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।

आग की इस घटना में दुकान में रखे पंखे, कूलर, इलेक्ट्रिक मोटर तथा अन्य विद्युत उपकरण जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 50 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

यह इमारत दो मंजिला है। भूतल पर इलेक्ट्रिकल दुकान है, जबकि ऊपरी मंजिल पर लोग निवास करते हैं। दमकल विभाग के समय पर पहुंचने से आग ऊपर तक नहीं फैल सकी और ऊपरी मंजिल पर रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो गई।

दुकान के संचालक दिनेश भगवान परदेशी हैं। आग बुझाने के अभियान में दमकल विभाग के वाहन चालक प्रकाश चव्हाण तथा फायरमैन संजय तायडे, नितीन ससाने और किरण पाटील ने तत्परता से कार्य करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया।

Don`t copy text!